मुजफ्फरनगर में रिलायंस स्मार्ट बाजार की चॉकलेट में कीड़े मिलने का आरोप, जांच के लिए भेजा सैंपल

HIGHLIGHTS
- अमजद सैफी ने रविवार शाम बच्चों के लिए स्टोर से चॉकलेट खरीदी थी।
- चॉकलेट खाने के बाद बच्चों को खांसी होने और तबीयत बिगड़ने का दावा किया गया।
- शिकायतकर्ता ने अन्य पैकेट खुलवाने पर भी कीड़े मिलने की बात कही।
मुजफ्फरनगर में रिलायंस स्मार्ट बाजार से खरीदी गई चॉकलेट में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नई मंडी थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी रिंग रोड स्थित स्टोर से चॉकलेट खरीदकर बच्चों को खिलाई गई, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।
शिकायतकर्ता अमजद सैफी का कहना है कि चॉकलेट खोलने पर उसके अंदर कीड़े नजर आए। उन्होंने स्टोर प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने चॉकलेट का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
चॉकलेट खाने के बाद बच्चों को होने लगी खांसी
अमजद सैफी के मुताबिक, उन्होंने रविवार शाम स्टोर से बच्चों के लिए चॉकलेट खरीदी थी। रात में बच्चों ने चॉकलेट खाई तो उन्हें खांसी होने लगी और उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद चॉकलेट को खोलकर देखने पर उसके अंदर कीड़े दिखाई दिए। उन्होंने बच्चों को बाकी चॉकलेट खाने से रोक दिया। साथ ही, इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अन्य पैकेट खुलवाने पर भी कीड़े मिलने का आरोप
अमजद सैफी सोमवार सुबह करीब 10 बजे कुछ अन्य लोगों के साथ शिकायत लेकर दोबारा स्टोर पहुंचे। वहां चॉकलेट के पैकेट और डिब्बियां खुलवाकर जांच कराई गई। अमजद का दावा है कि इस दौरान कई अन्य चॉकलेट में भी कीड़े मिले।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद स्टोर मैनेजर उनसे मिलने नीचे नहीं आए और मामले को टालने की कोशिश की गई। अमजद के अनुसार, बच्चों की तबीयत अब भी खराब है और वे उन्हें डॉक्टर के पास ले जा रहे हैं।
स्टोर मैनेजर ने कीड़ों के बजाय व्हाइट टेक्सचर बताया
रिलायंस स्मार्ट बाजार के डिपार्टमेंट मैनेजर सचिन सिंह ने कहा कि चॉकलेट में व्हाइट टेक्सचर था, जिसे ग्राहक ने कीड़ा समझ लिया। वहीं, असिस्टेंट कमिश्नर फूड अर्चना धिरान ने बताया कि शिकायत में शामिल चॉकलेट का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है।
पुलिस ने मामला खाद्य सुरक्षा विभाग से जुड़ा बताया
नई मंडी कोतवाली पुलिस ने इस मामले को खाद्य सुरक्षा विभाग से संबंधित बताते हुए शिकायत लेने से इनकार कर दिया। अब चॉकलेट के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी गुणवत्ता को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.