मुरादाबाद में तेज रफ्तार बोलेरो ने 6 बच्चों को कुचला, 2 की मौत; 4 गंभीर घायल

HIGHLIGHTS
- मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने छह बच्चों को कुचल दिया।
- हादसे में एक वर्षीय चित्रा और दो वर्षीय अंश की मौके पर मौत हो गई।
- दुर्घटना में चार अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मुरादाबाद। यूपी के मुरादाबाद में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खेल रहे छह बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बोलेरो की टक्कर से पकौड़ी बेचने वाला युवक और उसकी मां भी घायल हो गए। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को घेरकर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
पकौड़ी के ठेले के पास खेल रहे थे बच्चे
पुलिस के अनुसार, यह हादसा मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मुड़िया भायपुर गांव में मूंढापांडे-करनपुर मार्ग पर हुआ। मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे बच्चे गांव में लगे पकौड़ी के ठेले के पास खेल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने उन्हें कुचल दिया।
दो बच्चों की मौके पर मौत, चार घायल
हादसे में रनवीर सिंह की एक वर्षीय बेटी चित्रा और इंदल के दो वर्षीय बेटे अंश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, चार अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बोलेरो की चपेट में आने से पकौड़ी बेचने वाला युवक और उसकी मां भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने बोलेरो चालक को हिरासत में लिया
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने बोलेरो चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि बोलेरो चालक को हिरासत में लिया गया है। वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.