Paytm पेमेंट्स बैंक पर बड़ा फैसला, दिल्ली हाई कोर्ट ने बंद करने का दिया आदेश

HIGHLIGHTS
- दिल्ली हाई कोर्ट ने Paytm पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL) को बंद करने का आदेश दिया है।
- RBI के अनुसार, नियमों के उल्लंघन के चलते बैंक का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, अब लिक्विडेशन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
- कोर्ट ने SBI के पूर्व चीफ जनरल मैनेजर गिरीकुमार एम. नायर को Paytm पेमेंट्स बैंक का ऑफिशियल लिक्विडेटर नियुक्त किया है।
नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने Paytm पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL) को बंद करने का आदेश जारी किया है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने मंगलवार (28 जुलाई) को जानकारी दी कि नियमों के लगातार उल्लंघन के चलते बैंक का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था। अब हाई कोर्ट का यह आदेश बैंक को बंद करने की प्रक्रिया का अंतिम चरण है।
RBI ने अपने बयान में बताया कि दिल्ली हाई कोर्ट ने 8 जुलाई और 22 जुलाई, 2026 को दिए गए आदेशों के माध्यम से बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट, 1949 और कंपनीज एक्ट, 2013 के प्रावधानों के तहत Paytm पेमेंट्स बैंक को बंद करने का निर्देश दिया है।
SBI के पूर्व अधिकारी को बनाया गया ऑफिशियल लिक्विडेटर
कोर्ट ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के पूर्व चीफ जनरल मैनेजर गिरीकुमार एम. नायर को Paytm पेमेंट्स बैंक का ऑफिशियल लिक्विडेटर नियुक्त किया है। RBI के अनुसार, उन्हें बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट और कंपनीज एक्ट के तहत सभी जरूरी अधिकार दिए गए हैं।
सेंट्रल बैंक ने बताया कि 8 जुलाई, 2026 से ऑफिशियल लिक्विडेटर बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की सभी शक्तियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। बैंक के संचालन और लिक्विडेशन से जुड़े सभी फैसले अब उनकी निगरानी में लिए जाएंगे।
RBI ने अप्रैल 2026 में रद्द किया था लाइसेंस
यह आदेश RBI द्वारा अप्रैल 2026 में Paytm पेमेंट्स बैंक का बैंकिंग लाइसेंस रद्द किए जाने के बाद आया है। उस समय RBI ने कहा था कि बैंक लगातार रेगुलेटरी नियमों का पालन करने में विफल रहा और उसके कामकाज को जमाकर्ताओं के हितों के लिए नुकसानदायक पाया गया।
RBI ने इसके बाद बैंक को बंद करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू करने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था। अब हाई कोर्ट के आदेश के बाद Paytm पेमेंट्स बैंक के लिक्विडेशन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से आगे बढ़ेगी।
Paytm शेयर प्राइस
पेटीएम की पैरेंट कंपनी One 97 Communications का शेयर मंगलवार को 1,308 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी के शेयर में 1.43 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इस दौरान कंपनी का मार्केट कैप ₹83,815 करोड़ रहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.