मुंबई के विरार में किराए के फ्लैट से तीन सगे भाई-बहनों के शव मिले, बीमारी और तंगी से थे परेशान

HIGHLIGHTS
- फ्लैट से तेज दुर्गंध आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
- तीनों भाई-बहन वर्ष 2025 से किराए के मकान में रह रहे थे।
- एक भाई पैरालिसिस से पीड़ित था, जबकि दूसरे का कैंसर का इलाज चल रहा था।
मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर जिले के पश्चिमी विरार स्थित ग्लोबल सिटी इलाके में एक किराए के फ्लैट से तीन अविवाहित सगे भाई-बहनों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि तीनों ने जहर खाकर आत्महत्या की है।
मृतकों की पहचान 52 वर्षीय दिपेश मेहता, 50 वर्षीय कुमार मेहता और 48 वर्षीय खेवाना मेहता के रूप में हुई है। तीनों विरार पश्चिम की ग्लोबल सिटी स्थित 'गार्डन एवेन्यू' सोसाइटी के डी-विंग में फ्लैट नंबर 1203 में किराए पर रहते थे।
फ्लैट से दुर्गंध आने पर पुलिस को दी गई सूचना
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार तड़के फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बोलिंज पुलिस मौके पर पहुंची। गुरुवार को करीब ढाई बजे फ्लैट का दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर तीनों के शव सड़ी-गली अवस्था में मिले।
गंभीर बीमारियों और आर्थिक संकट से जूझ रहे थे भाई-बहन
पुलिस के अनुसार, तीनों भाई-बहन वर्ष 2025 से इस फ्लैट में रह रहे थे। उनमें से एक भाई पैरालिसिस से पीड़ित था, जबकि दूसरे भाई का कैंसर का इलाज चल रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार गंभीर बीमारियों के साथ-साथ भारी आर्थिक तंगी का भी सामना कर रहा था।
मौत से पहले गुजराती में रिकॉर्ड किया था वीडियो
पुलिस को पता चला है कि इस कदम से पहले तीनों भाई-बहनों ने गुजराती भाषा में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उन्होंने अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं और आर्थिक परेशानियों का जिक्र किया है।
बोलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक प्रकाश कावले ने बताया कि शुरुआती अनुमान के मुताबिक, पुलिस के पहुंचने से तीन से चार दिन पहले ही तीनों की मौत हो गई होगी। फिलहाल शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
दूसरी बहन से भी मांगी थी आर्थिक मदद
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतकों की एक अन्य बहन से संपर्क किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि तीनों भाई-बहन आर्थिक रूप से बेहद परेशान थे और उन्होंने मदद के लिए उनसे भी पैसे मांगे थे। पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.