थाईलैंड में बड़ा रेल हादसा: चलती ट्रेन पर गिरी क्रेन, 22 की मौत, 30 घायल

थाईलैंड में बुधवार सुबह एक भीषण रेल दुर्घटना सामने आई, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और दर्जनों यात्री घायल हो गए। राजधानी बैंकॉक से उत्तर-पूर्वी उबोन रतचथानी जा रही यात्री ट्रेन पर निर्माणाधीन रेलवे परियोजना की एक भारी क्रेन गिर गई। टक्कर के बाद ट्रेन पटरी से उतर गई और कुछ डिब्बों में आग भी लग गई। यह हादसा सिखियो जिले में हुआ, जो बैंकॉक से लगभग 230 किलोमीटर दूर स्थित है।
हादसे में 22 की मौत, 30 से अधिक घायल
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस दुर्घटना में अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया।
निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर दुर्घटना हुई वहां हाई-स्पीड रेल परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा था। उसी दौरान इस्तेमाल की जा रही क्रेन अचानक संतुलन खो बैठी और गुजरती ट्रेन पर गिर पड़ी। इससे ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
दुर्घटना के बाद सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि बचावकर्मी क्षतिग्रस्त डिब्बों को काटकर घायलों को बाहर निकाल रहे हैं। बताया गया है कि ट्रेन में करीब 195 यात्रियों के बैठने की क्षमता थी, हालांकि वास्तविक संख्या की पुष्टि अभी की जा रही है।
थाईलैंड सरकार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.