ब्रिटेन के कई एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, तकनीकी समस्या से मचा हड़कंप

HIGHLIGHTS
- हीथ्रो एयरपोर्ट पर 352 उड़ानों में देरी की जानकारी सामने आई
- गैटविक पर 281 उड़ानें विलंबित हुईं
- मैनचेस्टर एयरपोर्ट पर 249 उड़ानों के प्रभावित होने की बात कही गई
राष्ट्रीय हवाई यातायात नियंत्रण सेवा (नैट्स) ने बताया कि तकनीकी समस्या के चलते कुछ उड़ानों के प्रस्थान में दिक्कत आ रही है। सेवा के मुताबिक, विमानों को सुरक्षित तरीके से उड़ान भरने में परेशानी के कारण कई उड़ानों में काफी देरी हुई है। नैट्स ने कहा, "हम एक तकनीकी समस्या की जांच कर रहे हैं, जिसके कारण कुछ उड़ानों के प्रस्थान में बाधा आ रही है। हमारे इंजीनियर मौके पर मौजूद हैं और जल्द से जल्द अपडेट दिया जाएगा।"
एयरपोर्ट्स पर करीब 300 उड़ानें रद्द
फ्लाइटरडार24 के अनुसार, ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल की तकनीकी समस्या के चलते अब तक करीब 300 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। हीथ्रो, गैटविक, मैनचेस्टर और बर्मिंघम एयरपोर्ट इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, हीथ्रो से आने-जाने वाली 352 उड़ानें देरी से चल रही हैं। यहां रोजाना औसतन करीब 1,300 उड़ानों का संचालन होता है। गैटविक एयरपोर्ट पर औसतन 850 उड़ानों में से 281 उड़ानें विलंबित हुईं। वहीं, मैनचेस्टर में 650 में से 249 और बर्मिंघम में 300 में से 101 उड़ानों में देरी हुई।
तकनीकी समस्या से कैसे ठप पड़े ब्रिटेन के कई एयरपोर्ट?
हीथ्रो एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेवा में आई तकनीकी समस्या का असर ब्रिटेन के एयरपोर्ट से रवाना होने वाली उड़ानों पर पड़ा है। फिलहाल आने वाली उड़ानें प्रभावित नहीं हुई हैं।
एयरपोर्ट ने बताया कि वह समस्या को जल्द से जल्द दूर करने के लिए स्थानीय नैट्स टीम के साथ काम कर रहा है। यात्रियों को अपनी उड़ान की ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
करीब दो घंटे बाद समस्या का समाधान
एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी समस्या की पहचान कर ली गई है और उसका समाधान लागू कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा, "हमारे इंजीनियर मौके पर मौजूद हैं और सामान्य संचालन जल्द से जल्द बहाल करने के लिए तत्काल काम कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "हम यात्रा में जारी इस व्यवधान को समझते हैं और इसके लिए पूरी ईमानदारी से माफी मांगते हैं।"
साइबर हमले की बात से नैट्स का इनकार
एक यात्री ने द इंडिपेंडेंट को बताया कि उसके विमान के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल पर साइबर हमले की जानकारी दी थी। पाल्मा में विमान का इंतजार कर रहीं निकोला डकेट ने कहा कि उन्हें यह जानकारी पायलट से मिली थी।
हालांकि, नैट्स की एक प्रवक्ता ने साइबर हमले की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा, "फिलहाल हमारे पास यह मानने का कोई सबूत नहीं है कि यह साइबर हमला है।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.