जापान में 7.1 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी

HIGHLIGHTS
- जापान के कुमामोटो प्रांत में 7.1 तीव्रता का भूकंप आने के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई।
- कई प्रांतों में आपातकालीन अलर्ट जारी हुआ, जबकि शिंकानसेन समेत ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं।
- चीन के छिंगहाई प्रांत में भी 20 मिनट के भीतर 5.7 और 5.8 तीव्रता के दो भूकंप दर्ज किए गए।
जापान के दक्षिणी कुमामोटो प्रांत में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इसकी जानकारी जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने दी।
भूकंप के बाद एजेंसी ने एक मीटर (3.28 फीट) तक ऊंची लहरों वाली सुनामी की चेतावनी जारी की। इसके साथ ही दक्षिणी क्यूशू द्वीप के कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रांतों के लिए आपातकालीन भूकंप अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से समुद्र तट और तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है जापान
जापान उन देशों में शामिल है जहां सबसे अधिक भूकंप आते हैं। यहां औसतन हर पांच मिनट में भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं। इसका प्रमुख कारण यह है कि देश प्रशांत महासागर के चारों ओर फैले ज्वालामुखियों और समुद्री गर्तों वाले 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित है। दुनिया में 6.0 या उससे अधिक तीव्रता वाले करीब 20 प्रतिशत भूकंप जापान में दर्ज किए जाते हैं।
ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोकी गईं
क्यूशू इलेक्ट्रिक पावर ने बताया कि भूकंप के बाद उसके सेंडाई और जेनकाई परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है। वहीं, ट्रेन संचालक जेआर क्यूशू ने एहतियात के तौर पर अपनी सभी सेवाएं रोक दी हैं, जिनमें हाई-स्पीड शिंकानसेन ट्रेनें भी शामिल हैं।
चीन के छिंगहाई प्रांत में 20 मिनट के भीतर दो भूकंप
उधर, मंगलवार सुबह चीन के दूरदराज छिंगहाई प्रांत में भी करीब 20 मिनट के अंतराल पर दो भूकंप दर्ज किए गए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, पहला भूकंप सुबह 11:16 बजे और दूसरा 11:34 बजे आया। इनकी तीव्रता क्रमशः 5.7 और 5.8 मापी गई। दोनों भूकंप जमीन से 10 किलोमीटर (6 मील) की गहराई पर आए। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
उत्तर-पश्चिमी चीन का छिंगहाई प्रांत कम आबादी वाला इलाका है और यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। सरकारी प्रसारक सीसीटीवी द्वारा जारी वीडियो में भूकंप के दौरान पहाड़ियों से धूल के गुबार उठते दिखाई दिए।
इन झटकों का असर पड़ोसी गांसू प्रांत के लानझोउ शहर में भी महसूस किया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई घरों के भीतर लगे लैंप भूकंप के दौरान हिलते हुए दिखाई दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.