NYT के टेक एग्जीक्यूटिव जोनाथन मैकिन्से की गोली मारकर हत्या, ससुराल वाले गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- घटना कैलिफोर्निया के डबलिन स्पोर्ट्स ग्राउंड्स की पार्किंग में हुई
- पुलिस ने 76 वर्षीय शौयोंग झांग और शिली चेन को गिरफ्तार किया
- पुलिस ने अभी हत्या की वजह का खुलासा नहीं किया है
- मैकिन्से 2023 से न्यूयॉर्क टाइम्स के साथ काम कर रहे थे
वाशिंगटन। कैलिफोर्निया के एक स्पोर्ट्स पार्क में न्यूयॉर्क टाइम्स के टेक एग्जीक्यूटिव जोनाथन मैकिन्से की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में हत्या का आरोप उनके ससुराल वालों पर लगाया गया है।
न्यूयॉर्क टाइम्स में गेम्स प्लेयर एक्सपीरियंस के इंजीनियरिंग हेड के पद पर कार्यरत जोनाथन मैकिन्से अपनी पत्नी से अलग रह रहे थे। ट्रांसजेंडर होने को लेकर उनका अपने ससुराल वालों के साथ विवाद चल रहा था।
ससुराल वालों पर हत्या का आरोप
पुलिस ने जोनाथन मैकिन्से की गोली मारकर हत्या के मामले में उनके ससुराल वालों 76 वर्षीय शौयोंग झांग और शिली चेन को गिरफ्तार किया है।
यह घटना कैलिफोर्निया के डबलिन स्थित एथलेटिक कॉम्प्लेक्स और प्लेग्राउंड, डबलिन स्पोर्ट्स ग्राउंड्स की पार्किंग में हुई। पुलिस ने फिलहाल अपराध के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है।
न्यूयॉर्क टाइम्स के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि 2023 से अखबार के साथ काम कर रहे मैकिन्से शनिवार दोपहर हुई गोलीबारी के शिकार हुए।
मैकिन्से के लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, टेक क्षेत्र में उनका करीब दो दशक का करियर रहा था। उन्होंने स्प्लंक (Splunk), कोर्सेरा (Coursera) और ओरेकल (Oracle) समेत कई टेक कंपनियों में भी काम किया था।
ट्रांसजेंडर पहचान को लेकर विवाद
न्यूयॉर्क टाइम्स ने कोर्ट रिकॉर्ड का हवाला देते हुए बताया कि 40 वर्षीय जोनाथन और उनकी पत्नी कैंडिस जांग अलग-अलग रह रहे थे। दोनों ने पिछले साल अलामेडा काउंटी में एक-दूसरे के खिलाफ घरेलू हिंसा से सुरक्षा के लिए आदेश की मांग करते हुए आवेदन किया था।
रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर के रिकॉर्ड के अनुसार, मैकिन्से ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर उनकी ट्रांस पहचान को लेकर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था।
जोनाथन ने आरोप लगाया था कि उनकी सास ने एक बार बच्चे के कपड़ों की पसंद को लेकर उन्हें और उनके एक बेटे को घिनौना क्वीर, विकृत और मॉन्स्टर कहा था।
NYT की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि 2010 में डबल मास्टेक्टॉमी सर्जरी से ठीक होने के दौरान उनके ससुर ने उनकी छाती पर घूंसा मारा था।
पति-पत्नी के बीच हुई हिंसक झड़प
जोनाथन मैकिन्से और उनकी पत्नी की शादी 2011 में हुई थी। दोनों के बीच हिंसक लड़ाई भी हुई थी। मैकिन्से ने दावा किया था कि 2013 में हुए एक अन्य विवाद के दौरान उनकी पत्नी ने उन्हें फ्राइंग पैन से मारा था।
'द मर्करी न्यूज' ने रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर के रिकॉर्ड का हवाला देते हुए बताया कि मैकिन्से ने आरोप लगाया था कि 2010 में महिला से पुरुष बनने की प्रक्रिया (ट्रांजिशन) के दौरान जांग ने उनके शरीर से मेडिकल ट्यूब खींचने की कोशिश की थी।
खबरों के अनुसार, 2025 में मैकिन्से पर बच्चों के साथ दुर्व्यवहार (मिसडिमीनर) के दो आरोप भी लगाए गए थे। जांग ने डबलिन पुलिस को फोन कर आरोप लगाया था कि मैकिन्से ने उनके छह साल के बेटे के चेहरे पर थप्पड़ मारा।
दस्तावेजों में यह भी सामने आया कि जांग ने मैकिन्से पर 2018 में हुई एक बहस के दौरान उनकी बांह पर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया था।
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, बाद में मैकिन्से ने दोनों आरोपों में खुद को निर्दोष बताया था। इसके बाद उन्हें इस शर्त पर जेल से रिहा किया गया कि वे पेरेंटिंग क्लास में शामिल होंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.