मेरठ के स्क्रैप कारोबारी से 24.85 लाख की लूट में बड़ा खुलासा, पड़ोसी ने 3 महीने की रेकी; पूर्व चालक ने दी थी पूरी जानकारी

HIGHLIGHTS
- आसिफ पर करीब तीन महीने तक कारोबारी की रेकी करने का आरोप
- पूर्व चालक से कारोबार और लेनदेन की जानकारी जुटाई गई
- वारदात में कुल नौ बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई
मेरठ के स्क्रैप कारोबारी से 24.85 लाख रुपये की लूट के मामले में मुख्य रूप से उनके पड़ोसी और पूर्व चालक की संलिप्तता सामने आ रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कारोबारी का पड़ोसी आसिफ करीब तीन महीने से कारोबारी और उनके बेटे की रेकी कर रहा था। उसने कारोबारी के पूर्व चालक से उनके ठिकानों, कारोबार और रुपयों के लेनदेन से जुड़ी पूरी जानकारी हासिल की थी।
इसके बाद आसिफ ने मेरठ के लावड़ क्षेत्र स्थित महलका गांव के बदमाशों को वारदात के लिए तैयार किया। साहिबाबाद के अर्थला निवासी दो सगे भाइयों को भी डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की लूट करने पर 25 लाख रुपये देने का लालच देकर गिरोह में शामिल किया गया था। दोनों पहले चोरी और अवैध असलहा रखने के आरोप में जेल जा चुके हैं।
मेरठ के लोहियानगर क्षेत्र के अलीबाग निवासी नईमुद्दीन और उनके बेटे गिलमान स्क्रैप का कारोबार करते हैं। रुपयों के लेनदेन का काम गिलमान देखते हैं। पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त की शाम वेव सिटी थाना क्षेत्र में कार सवार कारोबारी को लूट लिया गया था।
पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि अलीबाग निवासी आसिफ दोनों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। उसने पूर्व चालक से उनके बारे में जानकारी जुटाई थी। पूर्व चालक ने यह भी बताया था कि कारोबारी का एक पार्टनर दिल्ली के जाफराबाद में रहता है और भुगतान के लिए वहां जाते समय कार में एक से डेढ़ करोड़ रुपये तक होते हैं। इसी जानकारी के आधार पर लूट की योजना बनाई गई।
छह बदमाश हिरासत में, तीन फरार
पुलिस के अनुसार, वारदात में कुल नौ बदमाश शामिल थे। इनमें कुछ ने चेहरे ढक रखे थे। छह बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तीन बदमाश अभी फरार हैं और आशंका है कि लूट की रकम उन्हीं के पास है।
किराये पर ली गई थीं कारें
गिरोह के सरगना आसिफ ने 21 अगस्त को शालीमार गार्डन स्थित ट्रैवल्स एजेंसी से दो कारें किराये पर ली थीं। आरोपी ने एजेंसी संचालक से फर्जी सिम के जरिए संपर्क किया और बताया कि रिश्तेदार की गमी में मेरठ से दिल्ली जाना है। अर्थला निवासी दोनों भाइयों ने कारें मेरठ पहुंचाईं। यहां लावड़ क्षेत्र से चार अन्य बदमाश हथियारों के साथ कारों में सवार हुए। आसिफ, उसका एक साथी और कारोबारी का पूर्व चालक कारोबारी की हापुड़ रोड स्थित स्क्रैप फैक्टरी के पास मिले।
फैक्टरी और रास्ते में भी लूट की कोशिश
बदमाश शाम करीब चार बजे फैक्टरी में पहुंचे और गिलमान पर एक लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। वहां लोगों की संख्या अधिक होने के कारण वे बिना लूटपाट किए लौट गए। इसके बाद फैक्टरी से कुछ दूरी पर गिलमान की कार को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की, लेकिन इसमें सफल नहीं हुए। इसके बाद वेव सिटी में बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस का दावा, कार में थे 20 लाख रुपये
पुलिस का दावा है कि कारोबारी ने 21 अगस्त को बैंक से 28.50 लाख रुपये निकाले थे और लूट के समय कार में 20 लाख रुपये मौजूद थे। वहीं, कारोबारी ने 24.85 लाख रुपये लूटे जाने की बात कही है।
हरियाणा, सहारनपुर और मेरठ में दबिश
गाजियाबाद पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि लूट में शामिल कुछ बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। लूट की रकम लेकर फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें हरियाणा, सहारनपुर और मेरठ में दबिश दे रही हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.