मुंबई: 18 महीने की बच्ची को छठी मंजिल से फेंकने का आरोप, CCTV में कैद हुई घटना

HIGHLIGHTS
- पूरी घटना बिल्डिंग में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई
- पीड़ित परिवार 1 अक्टूबर को ही बिल्डिंग में रहने आया था
- बिल्ली को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले विवाद होने की बात सामने आई
मुंबई। मुंबई के गोरेगांव में 18 महीने की बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिल्डिंग में रहने वाली 10 साल की बच्ची ने उसे छठी मंजिल से नीचे फेंक दिया। घटना के बाद पुलिस ने नाबालिग बच्ची और उसकी मां के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
यह घटना बुधवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। बच्ची को छठी मंजिल से नीचे फेंकने की पूरी घटना बिल्डिंग में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
फुटेज में कथित तौर पर 10 साल की बच्ची, 18 महीने की बच्ची को उठाकर छठी मंजिल से नीचे फेंकती दिखाई देती है। इसके बाद वह कॉरिडोर की दूसरी तरफ भाग जाती है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया।
समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि CCTV फुटेज में बच्ची को छठी मंजिल से गिरते हुए देखा जा सकता है। कुछ ही देर बाद, जिस बच्ची पर उसे फेंकने का आरोप है, वह मौके से भागती और उसी मंजिल के कॉरिडोर में साइकिल चलाती दिखाई देती है।
बिल्ली को लेकर दोनों परिवारों में हुआ था विवाद
अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ित परिवार 1 अक्टूबर को ही इस बिल्डिंग में रहने आया था। परिवार का कहना है कि बिल्ली को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
पीड़ित परिवार ने की न्याय की मांग
सूत्रों के अनुसार, 10 साल की बच्ची मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही थी। वहीं, पीड़ित परिवार ने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना को छिपाने के लिए आरोपी बच्ची के परिवार ने CCTV कैमरे बंद कर दिए थे।
नाबालिग बच्ची और उसकी मां हिरासत में
पुलिस ने 10 साल की बच्ची और उसकी मां को हिरासत में लिया है। दिंडोशी पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.