नागपुर में 5 नवंबर को भाजपा की रैली, देवेंद्र फडणवीस और नितिन गडकरी करेंगे नेतृत्व

HIGHLIGHTS
- भाजपा का देशव्यापी अभियान 2 से 5 नवंबर तक नागपुर में चलेगा।
- रैली में 15 से 20 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है।
- मार्च के दौरान चुनावी निष्पक्षता और मतदान के अधिकार पर चर्चा होगी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पांच नवंबर को नागपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' नाम से आयोजित रैली का नेतृत्व करेंगे। यह मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के देशव्यापी अभियान के समापन के मौके पर निकाला जाएगा।
भाजपा ने विपक्षी दलों के कथित भ्रामक प्रचार का जवाब देने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया है। पार्टी का आरोप है कि विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर लोगों के बीच गलत जानकारी फैला रहा है।
यशवंत स्टेडियम से संविधान चौक तक निकलेगी रैली
भाजपा के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि पांच नवंबर को प्रस्तावित रैली यशवंत स्टेडियम से शुरू होकर संविधान चौक तक पहुंचेगी। इसमें 15 हजार से 20 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत नागपुर में 2 से 5 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लोकतांत्रिक संस्थाओं में भरोसा मजबूत करने पर जोर
भाजपा की ओर से जारी बयान के अनुसार, इन कार्यक्रमों में चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पात्र नागरिकों के मतदान के अधिकार जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि चार दिनों तक चलने वाले इन आयोजनों में छात्र, युवा, सोशल मीडिया से जुड़े लोग, बुद्धिजीवी और आम नागरिक लोकतंत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रख सकेंगे।
उन्होंने लोगों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.