मुजफ्फरनगर: दवा के 830 रुपये को लेकर डॉक्टर की क्लीनिक पर हंगामा, CCTV फुटेज को लेकर भी विवाद

HIGHLIGHTS
- विवाद के दौरान महिला और उसके पति ने CCTV फुटेज दिखाने की मांग की।
- दोनों पक्षों के बीच क्लीनिक के अंदर और बाहर काफी देर तक तीखी बहस हुई।
- डॉक्टर और मेडिकल पक्ष ने मामले पर ऑन कैमरा बयान देने से इनकार किया।
मुजफ्फरनगर। शहर के सर्कुलर रोड स्थित डॉ. राजेश अहलावत की क्लीनिक पर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे दवा के बकाया भुगतान को लेकर विवाद हो गया। 830 रुपये के लेनदेन से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हंगामे में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कैमरे के सामने ही जमकर गाली-गलौज हुई।
प्रीति अपने ससुर की दवाई लेने डॉक्टर की क्लीनिक पर पहुंची थीं। उनका आरोप है कि डॉक्टर ने मेडिकल स्टोर के करीब 830 रुपये बकाया होने की बात कहते हुए भुगतान को लेकर सवाल किया और पर्चा फेंककर मारा। प्रीति का कहना है कि उन्होंने डॉक्टर को समझाने का प्रयास किया कि मेडिकल स्टोर का कोई पिछला पैसा बकाया नहीं है और पहले ही दवा के पैसे दिए जा चुके हैं।
प्रीति ने आरोप लगाया कि इसी दौरान क्लीनिक के मेडिकल स्टाफ ने भी उनके साथ बदसलूकी की। विवाद बढ़ने पर उन्होंने फोन करके अपने पति को मौके पर बुलाया। पति के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और बढ़ गई और क्लीनिक पर हंगामा शुरू हो गया।
महिला और उसके पति का कहना था कि मेडिकल स्टोर के पैसे बकाया होने का आरोप गलत है। मामले की स्थिति स्पष्ट करने के लिए उन्होंने क्लीनिक में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखने की बात कही। उनका आरोप है कि CCTV फुटेज दिखाने का आग्रह करने के बावजूद हॉस्पिटल स्टाफ ने कैमरे चेक कराने से इनकार कर दिया।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तीखी बहस चलती रही। विवाद के दौरान क्लीनिक के अंदर और बाहर सड़क पर एक-दूसरे के साथ जमकर गाली-गलौज हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।
महिला पक्ष का कहना है कि अगर मेडिकल स्टोर का पैसा वास्तव में बकाया था तो उसका हिसाब दिखाया जाना चाहिए था। वहीं, विवाद की वास्तविक स्थिति CCTV फुटेज और दोनों पक्षों की बात सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इस मामले में मेडिकल और डॉक्टर पक्ष की ओर से ऑन कैमरा कुछ भी बोलने से इनकार किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.