मुजफ्फरनगर: अहिल्याबाई चौक पर मुस्लिम समाज ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल, पेश की भाईचारे की मिसाल

HIGHLIGHTS
- सेवा कार्यक्रम में करीब 100 दर्जन केले और 1 हजार फ्रूटी वितरित की गई।
- चौधरी शादाब ने कांवड़ यात्रा को आस्था और सेवा का पर्व बताया।
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार देर शाम करीब 7 बजे सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली। अहिल्याबाई चौक पर भाकियू (लाल बहादुर शास्त्री) के जिला अध्यक्ष चौधरी शादाब के नेतृत्व में शिवभक्त कांवड़ियों का फूल बरसाकर स्वागत किया गया।
इस दौरान कांवड़ियों को फल, पानी और कोल्डड्रिंक वितरित किए गए। सेवा कार्य में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल रहे।
100 दर्जन केले और 2 हजार पानी की बोतलें बांटी गईं
संगठन की ओर से आयोजित सेवा शिविर में कांवड़ियों के लिए करीब 100 दर्जन केले, 2 हजार पानी की बोतलें और 1 हजार फ्रूटी का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में गुजर रहे कांवड़ियों ने सेवा शिविर में पहुंचकर प्रसाद और पेय पदार्थ ग्रहण किए और इस पहल की सराहना की।
चौधरी शादाब ने बताया भाईचारे की पहचान
भाकियू (लाल बहादुर शास्त्री) के जिला अध्यक्ष चौधरी शादाब ने कहा कि मुजफ्फरनगर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और सेवा का पर्व है, इसलिए सभी समुदायों को मिलकर श्रद्धालुओं की सेवा करनी चाहिए।
उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से समाज में नफरत फैलाने और भाईचारे का माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की।
सभी धर्मों के लोगों से मिलजुलकर रहने की अपील
महानगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद ने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी देश के नागरिक हैं और सभी को आपसी भाईचारे के साथ रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन आगे भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखेगा, जिससे समाज में विश्वास और आपसी संबंध मजबूत हों।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री मुर्सलिन राव, जिला मंत्री मोहम्मद साहिल, ग्राम अध्यक्ष मोहम्मद जाबिर खान, नगर सचिव दिलशाद कस्सार, चरथावल ब्लॉक अध्यक्ष दीपक कुमार, जिला सचिव इजहार खान, नगर उपाध्यक्ष मोहम्मद सलमान, वार्ड अध्यक्ष मोहम्मद साबिर, ग्राम अध्यक्ष मोहम्मद रफी, ग्राम सचिव आतिफ एडवोकेट, नगर उपाध्यक्ष शाज़िब खान, युवा जिला अध्यक्ष रब्बान त्यागी, मोहम्मद शमी समेत संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.