मुजफ्फरनगर: जन्मदिन की खुशियों के बीच घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 15 मिनट तक गूंजती रहीं गोलियां

HIGHLIGHTS
- करीब 15 मिनट तक मकान पर गोलियां चलाने का आरोप।
- दीवारों और लोहे के दरवाजे पर मिले गोलियों के निशान।
- घटना के समय परिवार के सात सदस्य घर में मौजूद थे।
मुजफ्फरनगर। भोकरहेड़ी कस्बे में शुक्रवार रात जन्मदिन की खुशियां मना रहे एक परिवार के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने मकान को निशाना बनाया, जिससे पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई।
करीब 15 मिनट तक गोलीबारी की आवाज से मोहल्ला गूंजता रहा। मकान की दीवारों और लोहे के दरवाजे पर गोलियों के निशान मिले हैं। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने 15 वर्षीय किशोर को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। हालांकि, किशोर समेत परिवार का कोई भी सदस्य गोली लगने से घायल नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे हमलावर
भोपा थाना क्षेत्र के भोकरहेड़ी कस्बे के मोहल्ला नेहरू चौक निवासी राजीव के 15 वर्षीय बेटे अभिनव का शुक्रवार शाम जन्मदिन था। घर में परिवार के लोग जन्मदिन मना रहे थे। आरोप है कि रात करीब 10 बजे बादल, निखिल उर्फ फाटा, हार्दिक, राजन और तुगलकपुर निवासी आर्यन खेड़ा अपने चार-पांच अन्य साथियों के साथ दो गाड़ियों में सवार होकर राजीव के घर पहुंचे।
आरोपितों ने अभिनव को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से परिवार में चीख-पुकार मच गई। आरोप है कि हमलावर करीब 15 मिनट तक मकान पर गोलियां बरसाते रहे। इस दौरान अभिनव बाल-बाल बच गया।
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और अपने घरों में दुबक गए। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के समय परिवार के संजीव, उनकी पत्नी बबली, बेटे अभिषेक, राजीव, उनकी पत्नी कविता, बेटी पीहू और अभिनव घर में मौजूद थे। अचानक हुई इस वारदात से पूरा परिवार दहशत में आ गया। मकान की दीवारों और लोहे के दरवाजे पर गोलियों के निशान पाए गए हैं।
एसपी देहात और सीओ ने घटनास्थल पर जुटाई जानकारी
फायरिंग की सूचना मिलते ही एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक, सीओ भोपा राधारमण सिंह और प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से वारदात के संबंध में जानकारी ली। पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने राजीव की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी देहात ने बताया कि भोकरहेड़ी में फायरिंग की घटना हुई है, जिसमें कोई घायल नहीं हुआ। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.