एटा में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवकों की मौत; मचा कोहराम

HIGHLIGHTS
- मृतकों में आशू (19), करन (18) और सुमित (20) शामिल हैं।
- करन के पिता की तीन साल पहले, जबकि सुमित के पिता की करीब 12 साल पहले मौत हो गई थी।
- आशू की मां नीतू की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ FIR दर्ज की गई।
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा में टूंडला रोड पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक से जा रहे तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीनों आपस में रिश्ते के भाई थे। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था।
दादी के श्राद्ध में शामिल होने गांव जा रहे थे
एटा के निधौली कलां क्षेत्र के गांव मुमिया खेड़ा निवासी आशू (19) पुत्र सर्जन सिंह की दो बुआ फिरोजाबाद के ककरऊ कोठी, सत्यनगर, थाना उत्तर क्षेत्र में रहती हैं। पांच दिन पहले आशू अपनी बुआ के घर गया था। शनिवार को उसकी दादी का श्राद्ध होना था, जिसमें शामिल होने के लिए वह शुक्रवार रात गांव मुमिया खेड़ा के लिए निकला।
उसके साथ बुआ के बेटे करन (18) पुत्र शीलेंद्र और सुमित (20) पुत्र सौदान सिंह भी थे। तीनों बाइक से टूंडला की तरफ से आ रहे थे। अवागढ़ क्षेत्र में चुरथरा मोड़ के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
वाहन के पहियों से कुचलने पर दो की मौत
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। तीनों युवक गंभीर हालत में हाईवे पर पड़े रहे। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची।
वाहन के पहियों से कुचलने के कारण करन और सुमित की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल आशू को एटा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
आशू 11वीं कक्षा का छात्र था, जबकि करन और सुमित मजदूरी करते थे। देर शाम पोस्टमॉर्टम के बाद उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दर्ज की FIR
जलेसर के सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बाइक सवार तीनों युवक फिरोजाबाद से एटा की ओर आ रहे थे। अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशू ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। आशू की मां नीतू की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
श्राद्ध में शामिल होने निकले थे, घरों में छाया मातम
पितृ अमावस्या के अवसर पर अपने पुरखों के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए निकले युवकों की जिंदगी का सफर एटा के अवागढ़ क्षेत्र में सड़क हादसे के कारण खत्म हो गया।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा था करन का परिवार
हादसे में जान गंवाने वाला 18 वर्षीय करन तीन भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसने कक्षा चार तक ही पढ़ाई की थी। वह चूड़ी का बेलन लगाने का काम करके परिवार की मदद करता था।
करीब तीन साल पहले काम के दौरान उसके पिता शीलेंद्र की मौत हो गई थी। इसके बाद से परिवार की जिम्मेदारी और मुश्किलें बढ़ गई थीं।
सुमित के सिर से भी बचपन में उठ गया था पिता का साया
20 वर्षीय सुमित दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था। करीब 12 साल पहले उसके पिता सौदान सिंह का निधन हो गया था। परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण सुमित ने बचपन से ही मजदूरी शुरू कर दी थी।
वह वर्तमान में नगला भाऊ में तहसील के पीछे लोडिंग का काम करके परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। करन और सुमित दोनों अपने परिवारों के साथ किराए के मकान में रहते थे। शनिवार को अमावस्या पर होने वाले श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करन और सुमित बाइक से आशू को उसके पैतृक गांव छोड़ने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया।
करन और सुमित दोनों अविवाहित थे। शुक्रवार रात करीब नौ बजे तक हंसते-खेलते घर से निकले युवकों के शव जब घर पहुंचे, तो परिजनों की चीख-पुकार से पूरा मोहल्ला गमगीन हो गया। जवान बेटों की अर्थियां उठते देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.