मुजफ्फरनगर की दो राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ियों का यूपी पुलिस में चयन, CM योगी ने दिए नियुक्ति पत्र

HIGHLIGHTS
- अमरेश का वर्ष 2021 में सीआईएसएफ में कांस्टेबल पद पर चयन हुआ था।
- अमरेश ने ऑल इंडिया पुलिस कबड्डी में गोल्ड मेडल जीता।
- अमरेश को कोच चरण सिंह और रामपाल सिंह से प्रशिक्षण मिला।
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उप निरीक्षक और आरक्षी पदों पर नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुजफ्फरनगर की दो बेटियों को खेल कोटे से नियुक्ति पत्र मिला। बुढ़ाना क्षेत्र के गांव बिटावदा निवासी अमरेश उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक बनी हैं, जबकि मोरना की अवंतिका चौधरी को आरक्षी पद पर नियुक्ति मिली है।
अमरेश वर्तमान में सीआईएसएफ में एएसआई हैं। उनके पिता ने भट्ठे पर मजदूरी कर बेटी को पढ़ाया और इस मुकाम तक पहुंचाया। अमरेश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग और कोच रामपाल सिंह व चरण सिंह के मार्गदर्शन को दिया। अमरेश और अवंतिका दोनों कबड्डी की राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं।
भट्ठे पर मजदूरी करने वाले पिता की बेटी बनीं उप निरीक्षक
गांव बिटावदा निवासी कश्मीर सिंह की बेटी अमरेश राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उन्हें उप निरीक्षक पद का नियुक्ति पत्र दिया। अमरेश की सफलता की कहानी मेहनत और संघर्ष की मिसाल है।
उनके पिता कश्मीरी सिंह भट्ठे पर मजदूरी करते हैं, जबकि मां राजेश देवी गृहिणी हैं। अमरेश ने कक्षा पांचवीं से गांव के खेल मैदान में कबड्डी खेलना शुरू किया था। कोच चरण सिंह ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने सोरम कबड्डी क्लब में कोच रामपाल सिंह से प्रशिक्षण लिया।
साल 2021 में सीआईएसएफ में हुआ था चयन
इंटरमीडिएट तक पढ़ाई के दौरान अमरेश ने कबड्डी में कई उपलब्धियां हासिल कीं। उन्होंने जिला, मंडल और प्रदेश स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया और कई पदक जीते। वर्ष 2021 में उनका चयन सीआईएसएफ में कांस्टेबल पद पर हुआ। नौकरी मिलने के बाद भी उन्होंने पढ़ाई और खेल जारी रखा।
अमरेश ने ऑल इंडिया पुलिस कबड्डी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल भी हासिल किया। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होने पर उन्होंने गर्व जताया। उन्होंने अपनी सफलता में कोचों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया और माता-पिता को अपना आदर्श बताया। अमरेश के अनुसार, उनके पिता ने भट्ठे पर मजदूरी की और मां ने पशुपालन कर उन्हें पढ़ाया तथा कबड्डी में आगे बढ़ने के लिए सहयोग दिया।
अवंतिका चौधरी बनीं उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी
इसी क्रम में मोरना की अवंतिका चौधरी को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर नियुक्ति मिली है। वह गोपाल उर्फ पंकज कुमार की बेटी हैं। अवंतिका ने श्रीराम कॉलेज से बीपीईएस की पढ़ाई की है और वर्तमान में साई सोनीपत में कबड्डी का प्रशिक्षण ले रही हैं।
कोच सतेंद्र नैन ने बताया कि अवंतिका ने उत्तराखंड के टिहरी जिले में शिवपुरी गंगा तट पर आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों की महिला बीच कबड्डी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम की ओर से भाग लिया था। उनके आरक्षी बनने पर पिता गोपाल उर्फ पंकज कुमार और मां अजिता देवी ने गर्व जताया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.