मुजफ्फरनगर: रिटायर्ड दरोगा के घर करोड़ों की चोरी का खुलासा, 200 CCTV से खुला राज; दो सगे भाई गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- पुलिस ने वारदात के खुलासे के लिए करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
- पुलिस के अनुसार, शहजाद ने मकान की कई बार रेकी की थी।
- दोनों भाई फेरी लगाने के बहाने बंद मकानों पर नजर रखते थे।
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना में रिटायर्ड दरोगा के बंद मकान से करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस को करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी पड़ी। जांच में सामने आया कि इस चोरी की घटना का मास्टरमाइंड शहजाद था, जिसने अपने भाई शहनवाज के साथ कई दिनों तक रेकी की थी।
फेरी लगाने के बहाने बंद मकानों पर रखते थे नजर
SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपी फेरी लगाने के बहाने दिन में इलाके में घूमते थे। इसी दौरान वे ऐसे मकानों को चिन्हित करते थे, जो लंबे समय से बंद रहते थे।
पुलिस के अनुसार, शहजाद ने रिटायर्ड उपनिरीक्षक देशपाल सिंह के मकान को निशाना बनाने से पहले बाइक से करीब 10 बार इलाके की रेकी की थी। मकान के खाली होने की पुष्टि होने के बाद दोनों भाइयों ने चोरी की योजना तैयार की।
सब्बल से ताला तोड़ा, भाई ने की निगरानी
पुलिस के मुताबिक, वारदात की रात शहजाद ने लोहे के सब्बल से मकान का ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हो गया। वहीं, उसका भाई शहनवाज बाइक से आसपास निगरानी करता रहा।
दोनों ने मकान से 745 ग्राम सोने के आभूषण और 2 किलो 240 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी किए और वहां से फरार हो गए। चोरी किए गए जेवरात की कीमत करोड़ों रुपये में बताई जा रही है। इसके बाद पुलिस के सामने आरोपियों और चोरी किए गए माल को तलाशने की चुनौती थी।
200 CCTV फुटेज से मिली आरोपियों की कड़ी
पुलिस टीम ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए इलाके में लगे करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का सुराग मिला।
इसके बाद बीती रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई में शहजाद के घायल होने की भी जानकारी दी गई है।
खेत में गड्ढा खोदकर छिपाए थे चोरी के जेवर
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मंदवाड़ा रोड स्थित एक खेत से चोरी किया गया पूरा माल बरामद किया। पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों ने जेवरात को जमीन में करीब आधा फुट गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया था, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
बरामद सामान में 745 ग्राम सोने के आभूषण और 2 किलो 240 ग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल किया गया सब्बल भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
SSP संजय कुमार वर्मा के अनुसार, पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अन्य घटनाओं में उनकी कोई संभावित भूमिका रही है या नहीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.