मुजफ्फरनगर: संपूर्ण समाधान दिवस में DM-SSP ने सुनीं लोगों की समस्याएं, 45 शिकायतों में 17 का मौके पर हुआ निस्तारण

HIGHLIGHTS
- जानसठ तहसील सभागार में अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं।
- शिकायतों में बिजली और राशन कार्ड से जुड़े मामले भी शामिल रहे।
- भूमि विवाद, राजस्व और पेंशन से संबंधित फरियादें भी सामने आईं।
मुजफ्फरनगर के जानसठ तहसील सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं तथा उनके निस्तारण की कार्रवाई की गई।
संपूर्ण समाधान दिवस में बिजली, समाज कल्याण, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, नगर पंचायत, राजस्व, श्रम विभाग, पेंशन, सड़क और पुलिस प्रशासन से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समाधान अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी शिकायत का समाधान संभव नहीं है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी दी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का भी समय से और सही तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए निर्देश दिए गए कि वे पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता से निस्तारण के संबंध में फीडबैक लें और यह सुनिश्चित करें कि वह संतुष्ट है या नहीं। साथ ही मौके की फोटो भी लेने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत मिलने पर तत्काल कब्जा हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय कुमार वर्मा, सीएमओ डॉ. सुनील कुमार तेवतिया, एसडीएम जानसठ रश्मि लाम्बा, तहसीलदार मोनिका चौहान, नायब तहसीलदार अजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.