टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 12वीं गिरफ्तारी, सोनीपत से अमन को मुंबई पुलिस ने पकड़ा

HIGHLIGHTS
- गिरफ्तार अमन पहले पकड़े गए आरोपी कुणाल का दोस्त बताया जा रहा है।
- पुलिस को अमन के बैंक खाते में संदिग्ध पैसों के लेनदेन की जानकारी मिली।
- आरोपी को अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया जाएगा।
मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
मुंबई पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत स्थित रोहणा गांव से अमन नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। देर रात पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि अमन पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी कुणाल का दोस्त है। जांच के दौरान पुलिस को अमन के बैंक खाते में पैसों के लेनदेन की जानकारी मिली। इसी वित्तीय लेनदेन के आधार पर उसकी गिरफ्तारी की गई है।
अब मुंबई पुलिस अमन को अदालत में पेश करेगी। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाने की तैयारी है।
गुरुवार को 11 आरोपियों को भेजा गया था पुलिस हिरासत में
इस मामले में गुरुवार को पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए 11 आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) के प्रावधान लागू किए थे। इसके बाद सभी आरोपियों को दोबारा गिरफ्तार कर विशेष मकोका अदालत में पेश किया गया।
विशेष न्यायाधीश सत्यनारायण नवनंदर ने सभी 11 आरोपियों को 6 नवंबर तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया था।
18 अक्टूबर को टाइगर की कार पर हुई थी गोलीबारी
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। उस समय अभिनेता फुटबॉल ग्राउंड से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान दो हमलावरों ने उनकी कार पर पांच राउंड गोलियां चलाई थीं।
इस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए थे, जबकि उनके कार चालक और मौके पर मौजूद एक व्लॉगर घायल हो गए थे।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट सामने आई थीं। इनमें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.