नागर सिंह चौहान पर आरोप लगाने वाली रश्मि भाटिया का यू-टर्न, नए वीडियो में दी सफाई

HIGHLIGHTS
- रश्मि भाटिया ने सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी किया।
- पुराने वीडियो और मुख्यमंत्री को लिखे पत्र की जिम्मेदारी स्वीकार की।
- मानसिक तनाव और फ्रस्ट्रेशन को बताई पुराने बयान की वजह।
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री और अलीराजपुर विधायक नागर सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगाने वाली रश्मि भाटिया ने अब अपने पुराने बयान से पलटी मार ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो जारी कर पूरे मामले में अपनी सफाई पेश की है। रश्मि ने माना कि पहले वायरल हुआ वीडियो और मुख्यमंत्री को भेजा गया पत्र उन्होंने ही तैयार किया था, लेकिन उस समय वह मानसिक तनाव और फ्रस्ट्रेशन से गुजर रही थीं।
रश्मि ने कहा कि नागर सिंह चौहान और उनके परिवार के साथ उनके संबंध अच्छे हैं। मंत्री को बदनाम करने का उनका कोई इरादा नहीं था। उन्होंने बताया कि जब वह परेशान थीं, तब उनसे वह वीडियो बन गया। हालांकि, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कैसे हुआ।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी अपील की कि उनके नए बयान को स्वीकार किया जाए। रश्मि ने स्पष्ट किया कि नागर सिंह चौहान के साथ उनके रिश्ते सामान्य और अच्छे हैं। अनीता से भी उनके अच्छे संबंध हैं। दोनों परिवारों के बीच भी पुराने और बेहतर रिश्ते रहे हैं।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र पर भी दी सफाई
रश्मि भाटिया ने मुख्यमंत्री को लिखे गए वायरल पत्र को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने स्वीकार किया कि यह पत्र भी उन्होंने ही लिखा था, लेकिन उस समय वह परेशानी और मानसिक तनाव में थीं। अब वह मुख्यमंत्री को बताना चाहती हैं कि उनके और नागर सिंह चौहान के बीच वैसा कुछ नहीं है, जैसा पहले वीडियो और पत्र के जरिए सामने आया था।
अपने नए बयान में रश्मि ने नागर सिंह चौहान की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि मंत्री की क्षेत्र में साफ-सुथरी छवि है। वह एक अच्छे नेता और जनप्रतिनिधि हैं, जो हमेशा लोगों की मदद करते हैं। अलीराजपुर की जनता उन्हें पसंद करती है और कई बार चुनाव जिताकर अपना समर्थन भी दे चुकी है।
रश्मि ने कहा कि पहले वीडियो और पत्र को सामने लाने के पीछे उनका नागर सिंह चौहान को बदनाम करने का कोई उद्देश्य नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले का इस्तेमाल मंत्री की छवि खराब करने के लिए किया जा रहा है।
पहले वीडियो में लगाए थे गंभीर आरोप
बता दें कि अपने पहले वायरल वीडियो में रश्मि भाटिया ने अपना नाम रश्मि नागर सिंह चौहान बताया था। उस वीडियो में उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और अलीराजपुर विधायक नागर सिंह चौहान के साथ करीब 20 साल से संबंध होने का दावा किया था।
महिला ने रतलाम-झाबुआ से भाजपा सांसद और मंत्री नागर सिंह चौहान की पत्नी अनीता चौहान पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए थे। वहीं, मंत्री नागर सिंह चौहान ने महिला की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को झूठा बताया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.