मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार डंपर ने महिला को कुचला, ताऊ के अंतिम संस्कार में जा रही थीं

HIGHLIGHTS
- रेहाना अपने ताऊ के अंतिम संस्कार में शामिल होने बुढ़ाना पहुंची थीं।
- रोडवेज बस अड्डे से मायका करीब 300 मीटर दूर था।
- हादसा रविवार सुबह करीब 11:30 बजे कमल टॉकीज के पास हुआ।
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में सड़क पार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला करीब 10 फीट दूर जाकर गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतका की पहचान रेहाना (56) के रूप में हुई है। वह अपने ताऊ सादिक की मौत की खबर मिलने के बाद उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बुढ़ाना पहुंची थीं। बस से उतरने के बाद वह पैदल जा रही थीं। हादसा रविवार सुबह करीब 11:30 बजे नगर पंचायत कार्यालय के पास हुआ। यह स्थान जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर है। एक ही दिन में परिवार में दो मौत होने से मातम छा गया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की बात कही, लेकिन परिवार ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बस से उतरकर पैदल मायके जा रही थीं रेहाना
रेहाना का मायका रोडवेज बस अड्डे से करीब 300 मीटर की दूरी पर है। वह बस से उतरने के बाद पैदल ही घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान कमल टॉकीज के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह उछलकर दूर जा गिरीं और उनके सिर से खून निकलने लगा। कुछ ही देर में उनकी मौके पर मौत हो गई।
हादसा पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। पुलिस फुटेज के आधार पर फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है।
सऊदी अरब में काम करते हैं रेहाना के पति
रेहाना के भाई परवेज ने बताया कि उनके पति इरशाद (60) सऊदी अरब में एक होटल में काम करते हैं। उनका बड़ा बेटा शाहरुख (25) लोनी में क्लीनिक चलाता है और फिजिशियन सर्जन है। वहीं, छोटा बेटा साहिल (20) कारोबार करता है।
रेहाना की दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। उनकी बड़ी बेटी शिबा 30 साल की हैं, जबकि छोटी बेटी साहिबा की उम्र 22 साल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.