मुजफ्फरनगर: एक ही ट्रक, दो धर्म कांटे और 285 किलो का अंतर, चालक ने उठाए सवाल; जांच की मांग

HIGHLIGHTS
- रामगढ़ से बालाजी इंगट फैक्ट्री माल लेकर पहुंचा था ट्रक
- मंगलवार अपराह्न करीब 4 बजे वजन को लेकर मामला सामने आया
- चालक मुस्तकीम ने गगन धर्म कांटे के वजन पर सवाल उठाया
- दूसरे धर्म कांटे पर दोबारा वजन कराने का दावा
मुजफ्फरनगर में एक ही ट्रक का दो अलग-अलग धर्म कांटों पर वजन कराने के बाद 285 किलो का अंतर सामने आया है। रामगढ़ से मुजफ्फरनगर की बालाजी इंगट फैक्ट्री में माल लेकर पहुंचे ट्रक चालक मुस्तकीम ने गगन धर्म कांटे के वजन पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। मंगलवार अपराह्न करीब 4 बजे चालक ने आरोप लगाया कि गगन धर्म कांटे पर ट्रक में लदे माल का वजन करीब 285 किलो कम बताया गया, जबकि दूसरे धर्म कांटे पर दोबारा वजन कराने पर माल का पूरा वजन सामने आया।
मुस्तकीम के अनुसार, बालाजी इंगट फैक्ट्री में माल पहुंचने के बाद उसे गगन धर्म कांटे पर ट्रक का वजन कराने के लिए कहा गया। वहां वजन कराने पर उसे करीब दो कुंतल 85 किलो वजन कम बताया गया। वजन को लेकर संदेह होने पर चालक ट्रक को दूसरे धर्म कांटे पर ले गया, जिसे वह दीपक धर्म कांटा बता रहा है। वहां दोबारा वजन कराने पर चालक का दावा है कि ट्रक में मौजूद माल का पूरा वजन सामने आया।
चालक का आरोप है कि उसने जब दूसरे धर्म कांटे पर हुए वजन की जानकारी फैक्ट्री प्रबंधन को दी तो इसे स्वीकार नहीं किया गया। उसके मुताबिक, फैक्ट्री की ओर से स्पष्ट किया गया कि भुगतान के लिए केवल गगन धर्म कांटे का वजन ही मान्य होगा। इसके बाद चालक ने विवाद का समाधान निकालने के लिए ट्रक में मौजूद माल के पीस गिनने का प्रस्ताव रखा।
गगन धर्म कांटे की जांच कराने की मांग
मुस्तकीम ने बताया कि ट्रक में कुल 365 एंगट पीस माल था। उसने फैक्ट्री प्रबंधन से कहा कि माल उतरवाकर सभी पीसों की गिनती करा ली जाए। अगर पीस कम निकलते हैं तो निर्धारित नियम के अनुसार माल की कमी की कटौती कर ली जाए, लेकिन यदि सभी पीस पूरे पाए जाते हैं तो उसे पूरा भाड़ा दिया जाए। चालक के अनुसार, उसकी यह मांग भी स्वीकार नहीं की गई।
मुस्तकीम ने आरोप लगाया कि धर्म कांटे के वजन के आधार पर होने वाली कटौती का सीधा असर ट्रक चालकों की कमाई पर पड़ता है। उसके मुताबिक, रामगढ़ से मुजफ्फरनगर माल लाने का करीब 8 हजार रुपये भाड़ा बनता है। ऐसे में वजन के आधार पर कटौती होने पर उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
चालक ने कहा कि बढ़ते खर्च और महंगाई के बीच ट्रक चालक पहले ही आर्थिक दबाव में काम कर रहे हैं। ऐसे में माल ढुलाई के बाद कथित वजन के आधार पर भाड़े में कटौती होने से उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। मुस्तकीम ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उसने खास तौर पर गगन धर्म कांटे की जांच कराने की मांग रखी है।
चालक का कहना है कि अगर एक ही ट्रक के वजन में दो अलग-अलग धर्म कांटों पर 285 किलो का अंतर आया है तो इसकी जांच होनी चाहिए।
इस मामले में विभिन्न धर्म कांटे के प्रबंधक ने बताया कि ट्रक चालक ने तोल को लेकर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मापतोल विभाग की टीम मौके पर आई थी और जांच कर वापस लौट गई है। दैनिक देहात ने जब मापतोल विभाग के अधिकारियों से इस मामले में जानकारी लेने के लिए फोन किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.