मुजफ्फरनगर: डॉ. संजीव बालियान के आवास के बाहर हंगामा, मारपीट के आरोप पर धरने पर बैठे लोग

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में डॉ. संजीव बालियान के आवास के बाहर हंगामा हुआ।
- अमित बाना ने मारपीट और कार में तोड़फोड़ का आरोप लगाया।
- आरोपों के बाद परिवार और कॉलोनीवासी धरने पर बैठे।
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र की ए-टू-जेड कॉलोनी में रविवार देर रात पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास के बाहर हंगामा हो गया। कॉलोनी निवासी अमित बाना ने डॉ. बालियान के सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट और उनकी कार में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने परिवार और कॉलोनी के लोगों के साथ आवास के बाहर धरना शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन देर रात तक मामला शांत नहीं हो सका।
अमित बाना का आरोप है कि रविवार रात करीब 10:30 बजे वह अपनी बहन के घर से वापस लौट रहे थे। ए-टू-जेड कॉलोनी में उन्होंने मोबाइल पर बात करने के लिए अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान सिविल ड्रेस में आए दो युवक उनके पास पहुंचे और बिना किसी विवाद के उनके साथ अभद्रता करते हुए हमला कर दिया।
अमित के अनुसार, एक युवक ने बेसबॉल के डंडे से उन पर हमला किया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने उनकी कार में भी तोड़फोड़ की और इसके बाद वह सीधे डॉ. संजीव बालियान के आवास के अंदर चले गए।
डॉ. बालियान से बातचीत की मांग का दावा
घटना की जानकारी मिलने के बाद अमित के भाई डॉ. ललित बाना और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने डॉ. संजीव बालियान से बाहर आकर घटना के संबंध में बातचीत करने का अनुरोध किया, लेकिन उन्हें सुबह आने की बात कहकर वापस भेज दिया गया।
परिवार का दावा है कि इस दौरान हुई बातचीत का वीडियो भी उनके पास मौजूद है।
आवास के बाहर धरने पर बैठे कॉलोनीवासी
पुलिस ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद रात करीब 12 बजे अमित बाना, डॉ. ललित बाना और कई कॉलोनीवासी डॉ. संजीव बालियान के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
पुरानी रंजिश और अतिक्रमण को लेकर लगाए आरोप
धरने पर बैठे अमित बाना ने आरोप लगाया कि डॉ. संजीव बालियान और उनके भाई विवेक बालियान से उनकी पुरानी रंजिश है। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में कथित अतिक्रमण और अन्य मामलों को लेकर उनके द्वारा शिकायतें की गई थीं।
अमित ने आरोप लगाया कि कॉलोनी के एक पार्क पर कब्जा कर मकान बनाया गया है, जबकि दूसरे पार्क को परिसर में शामिल कर पार्किंग के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि फरवरी 2025 में भी उन पर हमला हुआ था, लेकिन शिकायत के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित पक्ष ने रखीं ये मांगें
पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से कथित हमलावरों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, कॉलोनी में कथित अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच कराने और शिकायत सही पाए जाने पर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.