गैटविक एयरपोर्ट पर पानी का संकट, टॉयलेट और रेस्टोरेंट बंद होने से यात्रियों को हुई परेशानी
By Hitesh — July 27, 2026

HIGHLIGHTS
- लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में बिजली गुल होने से पानी की सप्लाई प्रभावित हुई।
- पानी की कमी के कारण दोनों टर्मिनलों के टॉयलेट, रेस्टोरेंट और बार को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
- यात्रियों ने परेशानी को लेकर नाराजगी जताई, जबकि एयरपोर्ट प्रशासन ने जल्द व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया।
Author: — Dainik Dehat
लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर रविवार को यात्रियों को पानी की समस्या के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट के अनुसार, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में बिजली आपूर्ति बाधित होने से एयरपोर्ट की जल व्यवस्था प्रभावित हो गई। स्थिति इतनी खराब हो गई कि टॉयलेट तक में पानी उपलब्ध नहीं था।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि पानी की सप्लाई प्रभावित होने के कारण दोनों टर्मिनलों के टॉयलेट, रेस्टोरेंट और बार को बंद करना पड़ा। अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय जल कंपनी के साथ मिलकर जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
बिजली कटने से पानी की सप्लाई हुई प्रभावित
जल आपूर्ति कंपनी ‘SES वाटर’ के मुताबिक, उसके ‘बाउ बीच वाटर ट्रीटमेंट वर्क्स’ में बिजली गुल होने के कारण पानी का दबाव काफी कम हो गया। इसके चलते केंट और ससेक्स काउंटियों के कुछ क्षेत्रों के साथ-साथ गैटविक एयरपोर्ट पर भी पानी की सप्लाई प्रभावित हुई। कंपनी ने कहा कि सेवा को जल्द बहाल करने के लिए काम किया जा रहा है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से मांगी माफी
गैटविक एयरपोर्ट प्रशासन ने सोशल मीडिया के जरिए यात्रियों से हुई असुविधा के लिए माफी मांगी। प्रशासन ने बताया कि दोनों टर्मिनलों में अभी भी पानी की सप्लाई प्रभावित है। यात्रियों की सहायता के लिए कर्मचारी तैनात हैं और जरूरत पड़ने पर मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि कुछ रेस्टोरेंट पार्टनर्स ने यात्रियों के बैठने के लिए अतिरिक्त जगह उपलब्ध कराई है। साथ ही बताया कि यात्रियों और कर्मचारियों के लिए बोतलबंद पानी की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने कहा कि वह SES वाटर के साथ मिलकर जल्द से जल्द सप्लाई सामान्य करने की कोशिश कर रहा है।
यात्रियों ने जताई नाराजगी
हालांकि, कुछ यात्रियों ने एयरपोर्ट प्रशासन के दावों पर सवाल उठाए। यात्रियों का कहना था कि उन्हें पानी की समस्या की पहले से जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें एयरपोर्ट पर बोतलबंद पानी बांटते हुए कोई नजर नहीं आया।
एक यात्री पॉल ने कहा कि जिन यात्रियों को टॉयलेट का इस्तेमाल करना है, उनके लिए यह स्थिति परेशानी वाली है। उन्होंने बताया कि जल्द उड़ान भरने वाले यात्रियों को ज्यादा दिक्कत नहीं होगी, लेकिन कुछ घंटे बाद उड़ान वाले यात्रियों के लिए यह समस्या बन सकती है।
यात्रियों को फर्श पर बैठने की नौबत
पूर्व सांसद माइकल डुगर ने भी इस स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि बार और रेस्टोरेंट बंद होने के कारण यात्रियों के पास बैठने की जगह नहीं है और कई लोग फर्श पर बैठने को मजबूर हैं।
उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से अपील की कि यात्रियों की सुविधा के लिए बंद पड़े रेस्टोरेंट और बार को बैठने के लिए खोल दिया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.