NEET रिजल्ट के बाद डिप्रेशन में आई छात्रा ने दी जान, सुसाइड नोट में परिवार से मांगी माफी

HIGHLIGHTS
- महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में 18 वर्षीय NEET छात्रा अंकिता सांगले ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
- परिवार के अनुसार, NEET परीक्षा में उम्मीद से कम 166 अंक मिलने के बाद अंकिता तनाव में थी।
- पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के करजत तालुका स्थित जलालपुर गांव में 18 वर्षीय छात्रा अंकिता सांगले ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के परिवार के अनुसार, NEET परीक्षा में उम्मीद के मुताबिक अंक नहीं मिलने के कारण वह तनाव में थी। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, अंकिता मेडिकल की पढ़ाई करना चाहती थी और लंबे समय से NEET की तैयारी कर रही थी। हाल ही में जारी हुए परिणाम में उसे 166 अंक मिले थे। परिवार का कहना है कि अंकिता को इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी। कम अंक आने के बाद वह लगातार मानसिक दबाव में रहने लगी थी और इसी वजह से उसने यह कदम उठा लिया।
पढ़ाई करने कमरे में गई थी अंकिता
परिवार ने बताया कि अंकिता के लिए घर में पढ़ाई के लिए अलग कमरा बनाया गया था। रविवार शाम वह पढ़ाई करने अपने कमरे में गई थी। काफी समय तक जब कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो परिजनों ने दरवाजा खोला।
कमरे के अंदर अंकिता को फंदे से लटका देख परिवार के लोग हैरान रह गए। उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
सुसाइड नोट में NEET का किया जिक्र
परिवार का कहना है कि अंकिता ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। मराठी में लिखे गए इस नोट के हिंदी अनुवाद में उसने लिखा कि उसने परिवार को बहुत प्यार दिया, लेकिन उनकी कोई इच्छा पूरी नहीं कर सकी। उसने अपनी मां को हर परेशानी में साथ देने के लिए धन्यवाद दिया और भाई से माता-पिता का ध्यान रखने की बात कही।
सुसाइड नोट में अंकिता ने लिखा कि उसकी आत्महत्या के लिए परिवार जिम्मेदार नहीं है। उसने परिवार से मिली खुशियों को याद करते हुए माफी मांगी और कहा कि NEET की तैयारी के दौरान परिवार ने उसके लिए बहुत त्याग किया, लेकिन वह उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक सुसाइड नोट की सामग्री की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही हैं।
पुलिस ने दर्ज किया आकस्मिक मृत्यु का मामला
अन्ना सांगले की सूचना पर स्थानीय पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
सांसद नीलेश लंके ने सरकार पर उठाए सवाल
घटना के बाद एनसीपी (शरद पवार गुट) के सांसद नीलेश लंके अंकिता के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
नीलेश लंके ने इस घटना के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यदि NEET परीक्षा से जुड़े विवाद और कथित पेपर लीक की निष्पक्ष जांच समय पर होती तो शायद ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था।
उन्होंने मांग की कि अगर जांच में लापरवाही या पेपर लीक की भूमिका सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.