मुजफ्फरनगर का युवक ईरान में लापता, परिवार में बढ़ी चिंता

मुजफ्फरनगर। अमेरिका और इजरायल के हालिया सैन्य हमलों के बीच ईरान में सुरक्षा की स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इसी बीच जिले के गांव विज्ञाना का रहने वाला युवक जीशान ईरान में लापता बताया जा रहा है। परिवार के अनुसार, उनसे संपर्क टूटने के बाद पूरे घर में चिंता का माहौल है।
परिजनों ने बताया कि जीशान अपने परिवार का इकलौता बेटा है। रोजगार की तलाश में वह 16 दिसंबर को ईरान गया था और वहाँ वेल्डिंग का काम कर रहा था। हालात बिगड़ने से पहले तक जीशान से फोन पर संपर्क रहता था, लेकिन अब वह लापता है और उसके परिवार को उसकी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।
जीशान की मां साजिदा ने कहा कि वह लगातार बेटे की सलामती की दुआ कर रही हैं। उनका कहना है कि अगर जीशान सुरक्षित है और काम कर रहा है, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन अगर वह किसी परेशानी में है, तो वह जल्द घर लौट आए। साजिदा ने बताया कि लगभग 10 से 15 दिन पहले बेटे से उनकी आखिरी बातचीत हुई थी।
जीशान के रिश्तेदार मुस्तफा ने भी कहा कि युद्ध जैसी परिस्थितियों से पहले उनसे संपर्क हुआ था और तब वह पूरी तरह सुरक्षित थे। उसके बाद फोन बंद है और परिवार को किसी भी तरह की जानकारी नहीं मिल रही है।
इस बीच जिला प्रशासन ने खाड़ी देशों में काम करने वाले नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए कलेक्ट्रेट में इमरजेंसी कंट्रोल रूम स्थापित किया है। यह कंट्रोल रूम परिवारों को विदेश में फंसे लोगों की स्थिति जानने और संपर्क साधने में मदद करेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.