मुजफ्फरनगर में नार्कोटिक्स टीम की छापेमारी, ब्रज फार्मा संचालक हिरासत में

मुजफ्फरनगर। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए हरियाणा की नार्कोटिक्स टीम ने सोमवार को मुजफ्फरनगर की जिला परिषद मार्केट में अचानक कार्रवाई की। टीम के पहुंचते ही बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई दवा व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर वहां से निकल गए।
कार्रवाई के दौरान टीम ने ब्रज फार्मा के संचालक राहुल शर्मा को हिरासत में ले लिया और आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि हरियाणा में पकड़े गए एक आरोपी की निशानदेही पर नार्कोटिक्स विभाग की टीम यहां पहुंची थी।
प्रारंभिक जांच में आरोप है कि ब्रज फार्मा से शामली क्षेत्र में कुछ ऐसी दवाइयों की आपूर्ति की गई, जो प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं। इसी आधार पर टीम ने राहुल शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इसके अलावा मार्केट के करीब पांच अन्य दवा कारोबारियों की गतिविधियां भी संदेह के घेरे में हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
अधिकारियों को आशंका है कि यह मामला अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जो दवाइयों की आड़ में नशीले पदार्थों की आपूर्ति करता है। टीम संबंधित दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, बिल और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मुजफ्फरनगर में कई दवा कारोबारी नशीली दवाओं की बिक्री और तस्करी के मामलों में जांच एजेंसियों के रडार पर आ चुके हैं। इस ताजा कार्रवाई के बाद स्थानीय औषधि विभाग में भी हलचल बढ़ गई है।
औषधि निरीक्षक पवन शाक्य ने बताया कि हरियाणा की नार्कोटिक्स टीम ने ब्रज फार्मा के संचालक राहुल शर्मा को हिरासत में लिया है। शामली में दवा आपूर्ति को लेकर कुछ संदिग्ध तथ्य सामने आए हैं और मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.