टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: वारदात से एक दिन पहले होटल में रुकी थीं दोनों महिला आरोपी

HIGHLIGHTS
- दोनों महिलाओं ने 17 अक्टूबर को होटल में चेक-इन किया था और 500 रुपये एडवांस दिए थे।
- होटल के कमरे का किराया 600 रुपये प्रतिदिन तय किया गया था।
- मुंबई क्राइम ब्रांच ने सीसीटीवी फुटेज, एंट्री रजिस्टर और पहचान संबंधी दस्तावेज जब्त किए।
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार राधा और बबीता नाम की दोनों महिलाएं वारदात से एक दिन पहले दादर ईस्ट के एक होटल में ठहरी थीं। दोनों ने 17 अक्टूबर को होटल में चेक-इन किया था। इसके अगले दिन, 18 अक्टूबर को जुहू इलाके में फायरिंग की घटना हुई थी।
जांच के दौरान पता चला कि दोनों महिलाओं के लिए होटल की पहली मंजिल पर प्रतिदिन 600 रुपये के किराये पर कमरा लिया गया था। बुकिंग के समय पहचान पत्र के तौर पर एक आईडी प्रूफ जमा कराया गया था और 500 रुपये अग्रिम भुगतान किया गया था।
मामले की पड़ताल कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने होटल में तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, एंट्री रजिस्टर और पहचान से संबंधित दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए।
पुलिस इन रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों महिलाएं होटल में किन लोगों से मिली थीं और वारदात से पहले उनकी गतिविधियां क्या थीं। जांच टीम को संदेह है कि किसी स्थानीय व्यक्ति ने उनके ठहरने की व्यवस्था की थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक तीसरे व्यक्ति ने कमरा दिलाने में उनकी मदद की थी। हालांकि, उस व्यक्ति की पहचान और कथित साजिश में उसकी भूमिका का अभी पता नहीं चल पाया है।
इस मामले में राधा और बबीता के अलावा कुणाल और सुमित नाम के दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। चारों को दिल्ली से पकड़ने के बाद पूछताछ के लिए मुंबई लाया गया था। पुलिस को शक है कि उन्होंने हमलावरों को हथियार उपलब्ध कराने और साजिश तैयार करने में मदद की थी।
पुलिस कस्टडी समाप्त होने के बाद सोमवार को चारों आरोपियों को मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उनकी रिमांड बढ़ाकर 28 अक्टूबर तक कर दी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.