नसीर मदनी का दावा- हाफिज सईद ने कश्मीर में भेजे थे 10 हजार आतंकी

HIGHLIGHTS
- नसीर मदनी ने 14 अगस्त को बहावलनगर में दिया बयान
- दिल का दौरा पड़ने के बाद सार्वजनिक मंच पर लौटे मदनी
- हाफिज सईद का नाम लेकर कश्मीर का किया जिक्र
नई दिल्ली। सीमा पार से भारत के खिलाफ रची जाने वाली आतंकी साजिशों और पाकिस्तान के मंसूबों को लेकर एक बार फिर उसकी सरजमीं पर बयान सामने आया है।
हाल ही में दिल का दौरा पड़ने के बाद सार्वजनिक मंच पर लौटे पाकिस्तानी धर्मगुरु नसीर मदनी ने दावा किया है कि लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के संस्थापक आतंकी हाफिज सईद ने कश्मीर में 10,000 आतंकवादी भेजे थे।
14 अगस्त को बहावलनगर में एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन के कार्यक्रम में दिए गए इस बयान में जम्मू-कश्मीर में सीमा पार आतंकवाद को लेकर हाफिज सईद की भूमिका का दावा किया गया है।
भारत में हुए हमलों का साजिशकर्ता है हाफिज सईद
हाफिज सईद भारत में हुए कई बड़े हमलों का मुख्य साजिशकर्ता रहा है। वह लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है, जिसे अल-कायदा से संबंधों के कारण 2005 में संयुक्त राष्ट्र ने प्रतिबंधित किया था। वर्ष 2008 में अमेरिका ने सईद को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था।
सईद 26/11 मुंबई हमलों की जांच में मुख्य नाम रहा है। वर्ष 2008 में 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों ने मुंबई में हमला किया था, जिसमें 166 लोगों की जान गई थी। मुंबई पुलिस ने इस मामले में फरार छह पाकिस्तानी आरोपियों के खिलाफ 'अनुपस्थिति में' मुकदमा चलाने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी है।
अगर 'अनुपस्थिति में' होने वाली कार्यवाही में आरोपी दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें सजा सुनाई जाएगी। जब भी उन्हें भारत लाया जाएगा, उन्हें सजा भुगतनी होगी।
पहलगाम हमले में भी आया था नाम
अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले की जांच में भी सईद का नाम सामने आया है। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी। जुलाई में जम्मू की एक अदालत ने इस मामले में उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
मौलाना नसीर मदनी के बयान में भारत के खिलाफ पाकिस्तान से जुड़ी आतंकी गतिविधियों और हाफिज सईद की कथित भूमिका का जिक्र किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.