मंजीत कौर हत्याकांड में नया मोड़, मौत से पहले का वीडियो वायरल; पुलिस ने शुरू की जांच

HIGHLIGHTS
- पीजीआई में इलाज के दौरान मंजीत कौर के वीडियो रिकॉर्ड करने की बात सामने आई है।
- पुलिस सेक्टर-34 के मोबाइल डंप डाटा, कॉल डिटेल, टावर लोकेशन और सीसीटीवी खंगाल रही है।
- पिंदा के डीएनए सैंपल को भ्रूण के डीएनए से मिलाने की तैयारी की जा रही है।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर की हत्या के मामले में जांच के दौरान लगातार नई जानकारियां सामने आ रही हैं। अब मंजीत कौर की मौत से पहले का एक वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उनकी बहन ने बनाया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को पीजीआई में इलाज के दौरान का बताया जा रहा है। पुलिस ने वीडियो को जांच में शामिल करते हुए उसमें लगाए गए आरोपों की पड़ताल शुरू कर दी है।
मंजीत कौर का पीजीआई में इलाज चल रहा था। इसी दौरान होश में आने पर उन्होंने वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उन्होंने नेहा, शुभी और शुभी के दो दोस्तों के नाम लेते हुए उनके खिलाफ आरोप लगाए हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में रिकॉर्ड किया गया था। साथ ही वीडियो में कही गई बातों की वास्तविकता की भी जांच की जा रही है। पुलिस वीडियो की तकनीकी जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो में नाम लिए गए लोगों की घटना में क्या भूमिका थी।
सेक्टर-34 में मौत होने का दावा, शव मोरिंडा ले जाने की बात
पंजाब की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर के अपहरण और हत्या की जांच आगे बढ़ने के साथ वारदात से जुड़ी कई बातें सामने आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, मंजीत की मौत मोरिंडा में नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में ही हो गई थी।
आरोप है कि हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को मोरिंडा ले जाकर ठिकाने लगाया गया। हालांकि, पुलिस अभी इस दावे की तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुष्टि कर रही है।
नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने और आग लगाने का आरोप
सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने पहले मंजीत को किसी पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया। इसके बाद उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात सामने आई है।
पुलिस सूत्रों का दावा है कि कपूरथला निवासी गिरफ्तार आरोपी परमिंदर सिंह उर्फ पिंदा ने पूछताछ के दौरान घटनाक्रम से जुड़ी ये जानकारियां दी हैं। पुलिस उसके बयानों का तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों से सत्यापन कर रही है।
पिंदा ने पूछताछ में बताया था कि मंजीत और मुख्य आरोपी बताए जा रहे रिंकू के बीच पहले से विवाद था। विवाद के बाद दोनों सेक्टर-34 पहुंचे, जहां एक बार फिर हाथापाई हुई। इसके बाद मंजीत को कार में बैठाकर सेक्टर-34 के एक पार्क के पीछे ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसे आग के हवाले कर दिया गया।
पुलिस खंगाल रही मोबाइल डंप डाटा और सीसीटीवी फुटेज
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या यही वह जगह थी जहां मंजीत ने आखिरी सांस ली। इसकी पुष्टि के लिए जांच टीम सेक्टर-34 और आसपास के इलाकों का मोबाइल डंप डाटा, कॉल डिटेल, टावर लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के समय आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे और घटना के बाद आरोपी किस रास्ते से वहां से निकले।
शुभी ने ऐप के जरिए मिलने के बहाने बुलाया था
जांच में एक और अहम जानकारी सामने आई है। मंजीत को आरोपियों ने सीधे संपर्क नहीं किया था, बल्कि उसकी महिला मित्र शुभी ने एक ऐप के जरिए संपर्क कर उसे मिलने के बहाने बुलाया था।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शुभी से संपर्क किसने कराया था, उसे क्या निर्देश दिए गए थे और क्या वह पूरी साजिश में शामिल थी या उसे भी मोहरे की तरह इस्तेमाल किया गया था।
शुभी और रिंकू दोनों फरार हैं। पुलिस को शक है कि हत्याकांड की साजिश में छह से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। इनमें किसी की भूमिका मंजीत को बुलाने, किसी की उसे काबू करने और किसी की वारदात के बाद शव ठिकाने लगाने या आरोपियों को फरार कराने में हो सकती है।
मंजीत करीब तीन महीने की गर्भवती थी, डीएनए जांच जारी
मंजीत करीब तीन महीने की गर्भवती थी। अब गर्भ में पल रहा बच्चा भी जांच की अहम कड़ी बन गया है। पुलिस ने पिंदा का डीएनए सैंपल जांच के लिए भेजा है। इसे भ्रूण के डीएनए से मिलाया जाएगा।
जांच के दायरे में आने वाले अन्य संदिग्धों के डीएनए सैंपल भी लिए जाने की तैयारी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे का पिता कौन है और क्या मंजीत की गर्भावस्था या बच्चे के पिता से जुड़ा कोई विवाद हत्या की वजह बना। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मंजीत की गर्भावस्था की जानकारी किन लोगों को थी और क्या इसे लेकर किसी को आपत्ति थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.