‘भारत के साथ हुई बेहद मजबूत बैठक’, PM मोदी-पेजेशकियान की मुलाकात पर बोले अराघची

HIGHLIGHTS
- ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि NDB में शामिल होने की कोशिश तेज की जा रही है।
- अराघची के मुताबिक, सदस्यता की दिशा में ईरान को कई देशों का समर्थन मिल रहा है।
- BRICS नेताओं के बीच डॉलर की जगह स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्राओं के इस्तेमाल को लेकर भी चर्चा हुई।
नई दिल्ली। भारत में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बीच ईरान की ओर से न्यू डेवलपमेंट बैंक (NDB) की सदस्यता को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शनिवार को कहा कि उनका देश NDB में शामिल होने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।
18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली पहुंचे अब्बास अराघची ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के बीच हुई मुलाकात को मजबूत बताया। उन्होंने ब्रिक्स के सदस्य देशों के साथ-साथ अन्य देशों के साथ ईरान की बढ़ती भागीदारी का भी उल्लेख किया।
NDB सदस्यता के लिए औपचारिकताएं पूरी कर रहा ईरान
ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि NDB में शामिल होने की दिशा में ईरान को कई देशों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सदस्यता के लिए जरूरी औपचारिकताओं और शर्तों को पूरा करने की प्रक्रिया जारी है।
बता दें कि पिछले महीने ईरान के केंद्रीय बैंक के गवर्नर ने भी NDB में शामिल होने की ईरान की इच्छा का ऐलान किया था।
स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्राओं के इस्तेमाल पर चर्चा
अब्बास अराघची ने बताया कि शुक्रवार को BRICS नेताओं के बीच आपसी व्यापार में डॉलर के बजाय स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्राओं के इस्तेमाल को लेकर गंभीर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के बीच इस विषय पर हुई बातचीत ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि मीडिया में भी इस चर्चा को लेकर काफी बात हुई।
PM मोदी और राष्ट्रपति पेजेशकियान के बीच द्विपक्षीय बैठक
शनिवार को मुख्य शिखर सम्मेलन के अलावा कई द्विपक्षीय बैठकें भी हुईं। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने अपनी पहली भारत यात्रा के दौरान कई बड़े नेताओं से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के बीच हुई बैठक को दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात बिश्केक में आयोजित SCO सम्मेलन के दौरान हुई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.