इंदौर में 50 फीट नीचे गिरी तेज रफ्तार थार, चार लोग गंभीर घायल; बाल-बाल बची जान

HIGHLIGHTS
- हादसा रात करीब 3:30 बजे प्रतीक सेतु ब्रिज पर हुआ, जब थार अन्नपूर्णा से बिजलपुर की ओर जा रही थी।
- रेलिंग तोड़ने के बाद वाहन करीब 50 फीट नीचे गिरा और पलट गया, जिसके बाद चारों सवार अंदर फंस गए।
- पुलिस हादसे की वजह और चालक के नशे में होने की संभावना समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
इंदौर में देर रात तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर ब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि राहत की बात रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के प्रतीक सेतु ब्रिज की है। रात करीब 3:30 बजे काले रंग की तेज रफ्तार थार अन्नपूर्णा से बिजलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान ब्रिज पर अचानक वाहन बेकाबू हो गया।
रेलिंग तोड़कर करीब 50 फीट नीचे गिरी कार
अनियंत्रित थार सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए हवा में लहराई और करीब 50 फीट नीचे जा गिरी। जिस स्थान पर कार गिरी, उसके ठीक पास रेलवे ट्रैक मौजूद है। हादसे के समय सड़क पर कोई दूसरा वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था।
पलटने के बाद कार में फंसे चारों लोग
ब्रिज से नीचे गिरने के बाद थार बुरी तरह पलट गई और क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग भी खुल गए। वाहन के पलटने के कारण उसमें सवार चारों लोग अंदर ही फंस गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चारों घायलों को कार से बाहर निकाला गया। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
चारों घायलों की पहचान
हादसे में घायल लोगों की पहचान आरती (25), अभिजीत (20), आदित्य और लावण्या के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर एसीपी निधि सक्सेना भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में प्रतीक सेतु ब्रिज से थार के नीचे गिरने की सूचना मिली थी।
चारों घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वाहन इतनी तेज रफ्तार में क्यों था और क्या चालक नशे की हालत में था या नहीं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.