‘एक जनपद-एक व्यंजन’ होगा इस वर्ष का प्रमुख आकर्षण: सीएम योगी

लखनऊ। इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस-2026 प्रदेश के प्रत्येक जनपद की सक्रिय भागीदारी, सांस्कृतिक विविधता और विकास यात्रा को एक भव्य जनोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। आयोजन 24 से 26 जनवरी तक चलेगा, जिसमें उत्तर प्रदेश की संस्कृति, शिल्प, व्यंजन और विकास के विभिन्न पहलुओं को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस केवल औपचारिक समारोह नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की पहचान, उपलब्धियां और संभावनाओं को जनसहयोग के माध्यम से प्रदर्शित करने का अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि उत्सव को जन सहभागिता आधारित और आकर्षक बनाया जाए।
मुख्य समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे, जिनकी उपस्थिति इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान देगी। मुख्यमंत्री ने सभी व्यवस्थाओं में गरिमा, अनुशासन और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर मुख्य समारोह
मुख्य कार्यक्रम राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जाएगा और इसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में किया जाएगा, ताकि उत्तर प्रदेश दिवस का उत्सव पूरे प्रदेश में एकसाथ अनुभव किया जा सके।
विशेष प्रदर्शनी और शिल्प मेला
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत – विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर आधारित विशेष प्रदर्शनी और शिल्प मेला भी आयोजित होगा। इसमें प्रदेश की विकास यात्रा, नवाचार, बुनियादी ढांचा, उद्योग, कृषि, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस वर्ष के आयोजन का मुख्य आकर्षण होगा ‘एक जनपद-एक व्यंजन’, जिसमें प्रदेश के हर जनपद के पारंपरिक और विशिष्ट व्यंजन आगंतुकों के लिए पेश किए जाएंगे, ताकि लोग उत्तर प्रदेश की खान-पान परंपराओं और स्थानीय पहचान से परिचित हो सकें।
संस्कृति और कला का संगम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों को उत्तर प्रदेश दिवस से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए। ‘हमारी संस्कृति – हमारी पहचान’ के अनुसार लोक, शास्त्रीय और समकालीन कला के प्रदर्शन के लिए मंच तैयार किया जाएगा और कलाकारों एवं आगंतुकों के लिए सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि प्रदेश की सामूहिक उपलब्धियों का सम्मान किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन संस्कृति, स्वाद, शिल्प और विकास दृष्टि को एक साथ प्रदर्शित करे और प्रत्येक आगंतुक के लिए प्रेरणादायी और स्मरणीय अनुभव बन जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.