लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड रोड का प्लास्टर गिरा, कुछ देर बंद रहा ट्रैफिक

HIGHLIGHTS
- प्लास्टर गिरने वाले हिस्से में सड़क के नीचे की सरिया दिखाई देने लगी।
- घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक रोक दिया गया।
- पीएनसी कर्मियों और पुलिस की मदद से वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग से निकाला गया।
लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड रोड का प्लास्टर रविवार देर रात अचानक गिर गया। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी गई।
मौके पर कार्यदायी संस्था पीएनसी के कर्मचारियों और स्थानीय पुलिस की मदद से ट्रैफिक को लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर से निकाला गया। राहत की बात रही कि प्लास्टर गिरने की घटना में कोई घायल नहीं हुआ। जिस स्थान पर प्लास्टर गिरा, वहां बैरिकेडिंग कर दी गई है।
पहली बार गिरी एलिवेटेड रोड की प्लास्टर
प्लास्टर गिरने के बाद एलिवेटेड रोड की सरिया भी दिखाई देने लगी है। इस घटना के बाद एक बार फिर एक्सप्रेसवे के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बंथरा के पास हुई इस घटना के बाद खाण्डेदेव टोल पर वाहनों की कतार लग गई।
अब तक बरसात के दौरान ग्रीन फील्ड और एलिवेटेड रोड के धंसने की घटनाएं सामने आती रही थीं, लेकिन पहली बार एलिवेटेड रोड का प्लास्टर गिरने की घटना हुई है।
बता दें कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण 13 जुलाई 2026 को ही हुआ था। इसके कुछ ही महीनों में एक्सप्रेसवे में कई बार खामियां सामने आ चुकी हैं। वहीं, आईआईटी खड़गपुर के प्रोफेसर केएस रेड्डी एक्सप्रेसवे के ग्रीन फील्ड पर बार-बार सड़क धंसने की जांच भी सात अगस्त से कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.