राहुल गांधी का केंद्र सरकार और CEC ज्ञानेश कुमार पर हमला, बोले- फिर होगी लोकतंत्र की मरम्मत

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी ने एक्स पर केंद्र सरकार और CEC ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा।
- विपक्ष ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा।
- 12 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ ज्ञापन देने की बात कही गई।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “ज्ञानेश कुमार जाएंगे। यह सरकार जाएगी। फिर शुरू होगी लोकतंत्र की मरम्मत।” राहुल गांधी का यह बयान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ विपक्ष के जारी विरोध के बीच आया है।
राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय में सामने आई है, जब इंडिया गठबंधन के नेता कथित वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को घेर रहे हैं। इससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की थी। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर कीं।
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी हो रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके मुख्य सूत्रधार हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर इसे अंजाम देने का आरोप भी लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को आगे भी उठाता रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि 12 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इससे पहले विपक्षी सांसदों ने संसद भवन से विजय चौक तक ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकाला था। हालांकि, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। विपक्षी दलों ने एसआईआर पर रोक लगाने, मतदाता सूची से हटाए गए नामों को बहाल करने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी की है।
गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन के सांसद पिछले कई दिनों से निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में किए जा रहे बदलावों से लोगों के मतदान के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में राहुल गांधी की ताजा टिप्पणी ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष के आक्रामक रुख को एक बार फिर सामने ला दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.