पनामा में भूकंप के बाद फिर कांपी धरती, 6.0 तीव्रता का एक और झटका

HIGHLIGHTS
- USGS के अनुसार, ला ट्रोनोसा से 7 किलोमीटर उत्तर में 6.0 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया।
- शुक्रवार को आए भूकंप की तीव्रता बाद में संशोधित कर 7.6 कर दी गई थी।
- वेरागुआस, हेरेरा और लॉस सांतोस प्रांतों में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
पनामा सिटी। मध्य अमेरिकी देश पनामा में शक्तिशाली भूकंप के बाद एक बार फिर धरती कांप उठी। शुक्रवार को आए भीषण भूकंप के बाद अब 6.0 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, ताजा झटका ला ट्रोनोसा से 7 किलोमीटर उत्तर में दर्ज किया गया।
इससे पहले शुक्रवार को पनामा के दक्षिणी तट पर शक्तिशाली भूकंप आया था। शुरुआत में इसकी तीव्रता 8.0 आंकी गई थी, जिसे बाद में संशोधित कर 7.6 कर दिया गया। भूकंप के झटकों से देशभर में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए मॉल, दफ्तरों और घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए।
इमारतों और बुनियादी ढांचे को नुकसान
पनामा की सिविल प्रोटेक्शन सर्विस के मुताबिक, वेरागुआस, हेरेरा और लॉस सांतोस प्रांतों में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। पेनोरोमे शहर में एक ऐतिहासिक चर्च का घंटाघर ढह गया, जबकि सड़कों पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं।
पेनोरोमे में मलबे की चपेट में आने से एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है। हालांकि, राष्ट्रपति राउल मुलिनो ने शुक्रवार शाम तक किसी की मौत नहीं होने की पुष्टि की थी। फिलहाल, स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
भूकंप का असर राजधानी पनामा सिटी में भी देखने को मिला। यहां झटके इतने तेज थे कि ऊंची इमारतें हिलने लगीं और स्विमिंग पूल का पानी छलककर बाहर आ गया। डर के कारण लोग पार्कों और खुले मैदानों में रात बिताने को मजबूर हुए।
सुनामी का खतरा और अलर्ट
शक्तिशाली भूकंप के बाद मध्य और दक्षिण अमेरिका के कई देशों के तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी। पनामा, कोस्टा रिका, अल सल्वाडोर, पेरू, मैक्सिको, ग्वाटेमाला, निकारागुआ, कोलंबिया और इक्वाडोर के तटीय इलाकों में खतरा जताया गया था।
हालांकि, बाद में अमेरिका के सुनामी वार्निंग सिस्टम ने पनामा, कोलंबिया, इक्वाडोर, निकारागुआ और ग्वाटेमाला के तटों के लिए जारी चेतावनी वापस ले ली। इसके अलावा, इसला कानास के पास 1 से 3 मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई थी। समुद्र का पानी वहां स्थित घरों तक भी पहुंच गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.