राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा बदलाव, RSS के भैयाजी जोशी 'पालक' की जिम्मेदारी से मुक्त

HIGHLIGHTS
- RSS के अखिल भारतीय पदाधिकारी भैयाजी जोशी को राम मंदिर के संगठन संरक्षक (पालक) की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया।
- भैयाजी जोशी अब तक ट्रस्ट की बैठकों में आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल होते थे।।
- राम मंदिर के नए पालक की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में संगठनात्मक बदलाव का सिलसिला जारी है। अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अखिल भारतीय पदाधिकारी भैयाजी जोशी को भी राम मंदिर के संगठन संरक्षक (पालक) के दायित्व से मुक्त कर दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, भैयाजी जोशी अब राम मंदिर के पालक की भूमिका में नहीं रहेंगे। वह इससे पहले ट्रस्ट की बैठकों में आमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल होते रहे हैं और संगठन व ट्रस्ट के बीच समन्वय में अहम भूमिका निभाते थे। जानकारी के अनुसार, अब राम मंदिर के नए पालक की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नए पालक के लिए नामों पर विचार
राम मंदिर के पालक की जिम्मेदारी के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक वरिष्ठ प्रचारक के नाम पर विचार किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में कार्यरत एक वरिष्ठ प्रचारक का नाम संभावित दावेदारों में सबसे आगे बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
ट्रस्ट में लगातार हो रहे बदलाव
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के बाद से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कई स्तरों पर बदलाव किए जा रहे हैं। इससे पहले महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र और गोपाल राव के दायित्वों में बदलाव किया गया था।
अब भैयाजी जोशी को पालक की जिम्मेदारी से मुक्त किया जाना भी इसी संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है। नए पालक की नियुक्ति के बाद ट्रस्ट के कामकाज और संगठनात्मक व्यवस्था में और स्पष्टता आने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.