राहुल गांधी के प्रयागराज कार्यक्रम पर किरेन रिजिजू का तंज, बोले- रांची जाना चाहिए था

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी ने प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के मुद्दे उठाए।
- किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी से प्रयागराज की जगह रांची जाने की बात कही।
- राहुल गांधी ने विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों में RSS से जुड़े लोगों की नियुक्ति का आरोप लगाया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उन पर निशाना साधा है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को प्रयागराज जाने के बजाय रांची जाना चाहिए था। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, कथित पेपर लीक और रजिस्ट्रेशन से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के सामने रोजगार सबसे बड़ी चुनौती है। पढ़ाई पर खर्च करने के बाद भी युवाओं के लिए नौकरी के अवसर लगातार सीमित होते जा रहे हैं।
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों से लेकर नौकरशाही और अन्य संस्थानों तक आरएसएस से जुड़े लोगों को बैठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में करीब 40 करोड़ युवा हैं और यही देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि जब वह युवाओं को भारत की शक्ति और शान बताते हैं, तो उनका मतलब केवल कार्यक्रम में मौजूद युवाओं से नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं से है।
राहुल गांधी ने कहा कि युवा पढ़ाई करते हैं, परिवार उनकी शिक्षा पर पैसा खर्च करता है और उन्हें डिग्री मिलती है, लेकिन इसके बाद रोजगार की कोई गारंटी नहीं होती। उन्होंने दावा किया कि एक हजार युवाओं में केवल 12 युवाओं को स्थायी नौकरी मिलती है।
रांची के छात्रों से राहुल गांधी ने की फोन पर बात
रांची में JPSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। बीजेपी का कहना है कि झारखंड में कांग्रेस के गठबंधन की सरकार होने के कारण राहुल गांधी रांची जाने से बच रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आंदोलन कर रहे छात्रों से फोन पर बातचीत की।
प्रदर्शनकारियों में शामिल छात्र नेता रविंद्र पासवान ने बताया कि गुरुवार (6 अगस्त 2026) की शाम फोन पर हुई बातचीत में राहुल गांधी ने छात्रों से उनकी मांगों की सूची भेजने को कहा। छात्र नेता के मुताबिक, राहुल गांधी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह उनकी समस्याओं को लेकर राज्य सरकार से बातचीत करेंगे।
भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्र 29 जुलाई से रांची में आंदोलन कर रहे हैं। छात्र 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। आंदोलनकारी छात्र इस मामले की सीबीआई और ईडी से जांच कराने की मांग भी कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.