हरियाणा में 1 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों के बाहर बनेंगे रिंग रोड, CM सैनी ने दी मंजूरी

HIGHLIGHTS
- हिसार बाईपास को एनएच-52, हिसार-दिल्ली रोड और हिसार-कैथल रोड से जोड़ा जाएगा।
- नारनौल सिटी बाईपास करीब 11 किलोमीटर लंबा होगा और एनएच-148बी से जुड़ेगा।
- जींद और सोहना-पलवल क्षेत्र में चार मार्गीय सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।
हरियाणा में एक लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों और कस्बों के बाहर रिंग रोड और नेशनल हाईवे विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिसार बाईपास, कुरुक्षेत्र बाईपास, नारनौल सिटी बाईपास, जींद बाईपास और सोहना-पलवल बाईपास के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
शनिवार को मास्टर प्लान के तहत एडाप्शन ऑफ फाइनेंशियल मॉडल फॉर स्टेट कंट्रीब्यूशन को लेकर हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा और अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि इन सड़कों का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों से शहरी इलाकों में आने वाले भीड़भाड़ के दबाव को कम करना है।
हिसार बाईपास को हिसार-राजगढ़ रोड एनएच-52 से हिसार-दिल्ली रोड और हिसार-कैथल रोड से जोड़ने का काम किया जाएगा।
केंद्र सरकार के अनुसार तैयार होगी पॉलिसी
कुरुक्षेत्र-लाडवा बाईपास की डीपीआर भी तैयार हो चुकी है। इस परियोजना पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। मास्टर प्लान के तहत बाहरी रिंग रोड और नेशनल हाईवे के निर्माण के लिए केंद्र सरकार के अनुसार पॉलिसी तैयार की जाएगी, जिससे शहरों और कस्बों में ट्रैफिक का दबाव कम करने वाली सड़कों की योजनाओं को लागू किया जा सके।
बैठक के दौरान केंद्र सरकार के लागत शेयर को लेकर वित्त विभाग, लोक निर्माण विभाग और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों की तीन सदस्यीय कमेटी भी गठित की गई।
नारनौल में करीब 11 किलोमीटर लंबा सिटी बाईपास बनाया जाएगा। इसे स्टेट हाईवे एनएच-148बी से जोड़ा जाएगा।
करीब 9700 करोड़ रुपये की लागत
जींद के दूसरी तरफ बाहरी रिंग रोड और एनएच-352 चार मार्गीय बाईपास का निर्माण किया जाएगा। वहीं, एनएच-919 से पलवल-सोहना बाईपास को भी री-डिजाइन करके बनाया जाएगा। यह चार मार्गीय सड़क करीब 24 किलोमीटर लंबी होगी।
इन सभी परियोजनाओं पर लगभग 9700 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
डीएनडी-फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाईपास को केएमपी लिंक से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे ग्रीनफील्ड कनेक्टिविटी और जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए भी तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा करनाल रिंग रोड के लिए भूमि शेयर जमा कराया जा चुका है। अंबाला शहर और अंबाला कैंट को जोड़ने वाले रिंग रोड का निर्माण कार्य जारी है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
अन्य कार्यों को भी मिली मंजूरी
बैठक में रेवाड़ी-भटिंडा रेलवे लाइन पर सिरसा में सिविल स्टेशन रोड पर रेलवे अंडरपास के निर्माण को भी मंजूरी दी गई। इसके साथ ही कनीना-महेंद्रगढ़ रोड से अनावास, ढाणी राजावास स्कूल से बलाना, खातोद से बुड़ीन, निम्भेड़ा और बलैचा के लिए लिंक रोड, महेंद्रगढ़-बुचौली रोड और नांगवास से अटेली सड़क के अतिरिक्त कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.