नेपाल में बाढ़ के बीच तिजोरी तोड़कर 92.68 लाख रुपये लूटे, 29 गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- बाढ़ के दौरान भोटेकोशी इलाके से तिजोरी बह गई थी
- तिजोरी बाद में त्रिशुली नदी के किनारे मिली
- पुलिस को स्थानीय लोगों द्वारा नकदी निकालने की सूचना मिली
काठमांडू। विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहे नेपाल में तबाही के बीच ऐसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जहां बाढ़ में बहकर आई नकदी को लूट लिया गया। एक ओर जहां बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर चोरी के मामले भी सामने आए हैं।
पुलिस ने त्रिशुली नदी के किनारे बाढ़ में बहकर आई एक तिजोरी तोड़कर करीब 92.68 लाख रुपये लूटने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, नारायणी नदी में बहकर आए एक महिला के शव से सोने की बालियां चोरी करने का वीडियो वायरल होने के बाद दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
बताया गया कि भोटेकोशी इलाके में आई बाढ़ के दौरान तिजोरी बह गई थी। बाद में यह धाडिंग के गलछी ग्रामीण नगरपालिका-4 के बेलखुखोला के पास त्रिशुली नदी के किनारे मिली। पुलिस को सूचना मिली कि स्थानीय लोगों ने तिजोरी तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली है।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तलाशी के दौरान 29 लोगों को हिरासत में लिया गया। उनके पास से 92,68,505 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
गिरफ्तार किए गए अधिकतर लोग गलछी-4 के मस्तर के रहने वाले हैं। वहीं, कुछ आरोपी गलछी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमतर के निवासी बताए गए हैं। इसके अलावा कुछ आरोपी मूल रूप से चितवन और परसा के रहने वाले हैं, जो वर्तमान में धाडिंग में रह रहे हैं।
पुलिस जब्त की गई नकदी के वास्तविक स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस घटना में कोई अन्य संदिग्ध शामिल था या नहीं।
एक अन्य घटना में नारायणी नदी में बहकर आए एक शव से सोने की बालियां चोरी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर यह कार्रवाई की गई। वीडियो में दो व्यक्ति बाढ़ के पानी में बहकर आए एक मृत महिला के कानों से जबरदस्ती सोने की बालियां निकालते दिखाई दे रहे थे।
मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 626
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने शनिवार को बाढ़ से हुए नुकसान के आंकड़ों में बड़ा संशोधन किया है। नेपाल में अभी भी 2,426 लोग लापता हैं, जबकि पुष्टि किए गए मृतकों की संख्या बढ़कर 626 हो गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.