मुजफ्फरनगर में विवादित होर्डिंग को लेकर सपा-भाजपा आमने-सामने, तीन पर कार्रवाई

HIGHLIGHTS
- विवादित होर्डिंग को लेकर सपा नेताओं ने आपत्ति दर्ज कराई थी।
- सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि होर्डिंग में विपक्षी नेताओं को राष्ट्रविरोधी बताया गया।
- बीती रात गौरव जैन और सलमान त्यागी समेत कार्यकर्ताओं ने होर्डिंग फाड़ दिया।
मुजफ्फरनगर के भोपा रोड पर लगाए गए विवादित होर्डिंग को लेकर समाजवादी पार्टी और भाजपा नेताओं के बीच शुरू हुआ राजनीतिक विवाद गुरुवार को थाने पहुंच गया। बीती देर रात सपा नेताओं द्वारा होर्डिंग फाड़े जाने के बाद नई मंडी पुलिस ने गुरुवार शाम करीब 4 बजे दोनों पक्षों को थाने बुलाया।
पुलिस ने मामले में सपा नेता गौरव जैन, होर्डिंग लगाने वाले भाजपा नेता एवं समाजसेवी राजेश गोयल और होर्डिंग की प्रिंटिंग करने वाले प्रेस संचालक के खिलाफ धारा 170 बीएनएस के तहत कार्रवाई की। तीनों को 20-20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद करने के बाद थाने से छोड़ दिया गया।
भोपा रोड पर लगाए गए होर्डिंग को लेकर सपा नेताओं ने आपत्ति जताई थी। उनका आरोप था कि होर्डिंग के जरिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और इंडिया गठबंधन से जुड़े नेताओं को राष्ट्रविरोधी बताने वाला प्रचार किया गया है।
इसी के विरोध में बीती रात सपा नेता गौरव जैन, सलमान त्यागी समेत कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और होर्डिंग फाड़ दिया। सूचना मिलने पर नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद गुरुवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामले को लेकर बातचीत की गई।
सपा जिलाध्यक्ष ने जताई आपत्ति
सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने आरोप लगाया कि शहर का माहौल खराब करने के मकसद से ऐसे पोस्टर और होर्डिंग लगाए जा रहे हैं, जिनके जरिए विपक्षी नेताओं को राष्ट्रविरोधी बताने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधारा को लेकर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी राजनीतिक दल या नेता को राष्ट्रविरोधी बताकर प्रचार करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के पोस्टर लगाए गए तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से इसका विरोध करेगी।
भाजपा नेता बोले- पोस्टर में भारत माता का चित्र था
होर्डिंग लगाने वाले भाजपा नेता एवं समाजसेवी राजेश गोयल ने कहा कि उनके लगाए पोस्टर पर एक राजनीतिक दल ने आपत्ति जताई और उसे फाड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टर में भारत माता का चित्र भी था और उसके फाड़े जाने से उन्हें दुख पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई। इसके बाद सभी को मुचलका पाबंद करने की कार्रवाई के बाद छोड़ दिया गया।
इंडिया गठबंधन ने भी जताई आपत्ति
इंडिया गठबंधन की ओर से कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष अब्दुल्ला आरिफ भी नई मंडी थाने पहुंचे। उन्होंने राजनीतिक नेताओं को देशभक्ति का प्रमाणपत्र देने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाया। साथ ही उन्होंने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराने को पुलिस का सकारात्मक कदम बताया।
सपा नेता बोले- पहले भी हटाने की मांग की थी
सपा नेता गौरव जैन ने दावा किया कि पिछले तीन-चार दिनों से प्रशासन से शहर में लगाए गए ऐसे पोस्टर और फ्लेक्स हटाने की मांग की जा रही थी। उनका कहना है कि कार्रवाई नहीं होने के बाद पार्टी कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के पोस्टर लगाए गए तो पार्टी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेंगे।
कार्रवाई के बाद सपा कार्यालय में स्वागत
नई मंडी थाने से लौटने के बाद गौरव जैन और उनके साथियों के सपा कार्यालय पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने विवादित होर्डिंग के खिलाफ अपनी आपत्ति दर्ज कराई है और शहर के सामाजिक माहौल को खराब करने वाले किसी भी प्रयास का विरोध किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.