अमेठी में सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह थामेंगे भाजपा का दामन, बदलेगा सियासी समीकरण

HIGHLIGHTS
- गौरीगंज के सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह भाजपा में होंगे शामिल।
- अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी के भी भाजपा में शामिल होने की जानकारी।
- कार्यक्रम में 500 से अधिक ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना।
अमेठी। गौरीगंज से सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह के भाजपा में शामिल होने से जिले की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। उनके साथ गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह और कालपी के विधायक विनोद चतुर्वेदी भी भाजपा का दामन थामेंगे। इस कार्यक्रम के लिए गौरीगंज-जगदीशपुर मार्ग पर विधायक के आवास मंगलम के बगल में तैयारियां की गई हैं। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इस घटनाक्रम को अमेठी की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और पूर्व सांसद स्मृति इरानी, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री भोला सिंह, पूजा पाल और प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला सहित कई नेता शामिल होंगे। इसके अलावा गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के 500 से अधिक ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग से व्यवस्था की गई है। राकेश प्रताप सिंह सपा के टिकट पर लगातार तीन बार गौरीगंज से विधायक चुने जा चुके हैं। राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग के बाद वह चर्चा में आए थे। उनके भाजपा में शामिल होने से जिले में सपा और भाजपा के राजनीतिक समीकरणों पर बड़ा प्रभाव पड़ने की संभावना है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात
कार्यक्रम को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सरवण टी के निर्देश पर पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की भी तैनाती की गई है। ड्यूटी के लिए थाना प्रभारियों के अलावा 50 उपनिरीक्षक और 200 कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल लगाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.