मुजफ्फरनगर में ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, दो दोस्तों की मौके पर मौत

HIGHLIGHTS
- दोनों मृतक दिल्ली के घसा क्षेत्र के रहने वाले थे।
- सतीश पेशे से ड्राइवर थे और दिनेश CRPF में कार्यरत थे।
- दोनों दोस्त हरिद्वार से घूमकर वापस लौट रहे थे।
मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोहाना क्षेत्र में मन्नत होटल के पास देर रात तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े भारी ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया गया।
मृतकों की पहचान दिल्ली के घसा क्षेत्र निवासी सतीश, पुत्र स्वर्गीय महेंद्र सिंह और दिनेश, पुत्र रामकुमार के रूप में हुई है। सतीश पेशे से ड्राइवर थे। वह दो भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। वहीं दिनेश सीआरपीएफ (CRPF) में कार्यरत थे। तीन भाई-बहनों में मंझले दिनेश शादीशुदा थे। उनके परिवार में पत्नी सविता और तीन बच्चे, दो बेटे और एक बेटी हैं।
बताया गया कि दोनों दोस्त कार से हरिद्वार घूमने गए थे। वापस लौटते समय उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए शव
रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेजा गया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी रोते-बिलखते मुजफ्फरनगर पहुंचे। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
अवैध पार्किंग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि पानीपत-खटीमा हाईवे पर भारी वाहनों को अवैध और गलत तरीके से सड़क किनारे खड़ा किया जा रहा है, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी इसी स्थान पर सड़क किनारे खड़े वाहन की वजह से हादसा हुआ था।
लोगों ने हाईवे पर नियमित पुलिस और टोल पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य करा दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.