यूपी में गर्मी की छुट्टियां बढ़ीं, अब 25 जून से खुलेंगे स्कूल

लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों में भीषण गर्मी और हीटवेव को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में बदलाव किया गया है। अब शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार हर वर्ष 20 मई से 20 जून तक गर्मी की छुट्टियां रहेंगी। इसके बाद स्कूलों में 25 जून से नियमित पढ़ाई शुरू होगी।
इस संबंध में अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने आधिकारिक आदेश जारी किया है। पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 मई से 15 जून तक निर्धारित था, जिसके बाद 16 जून से विद्यालय खुल जाते थे। लेकिन बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब अवकाश अवधि बढ़ाकर 20 जून तक कर दी गई है।
योग दिवस और तैयारी का कार्यक्रम
निर्देशों के अनुसार 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस विद्यालयों में शिक्षक और छात्र-छात्राओं की सहभागिता के साथ मनाया जाएगा। इसके बाद 22 से 24 जून तक विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा, लेकिन इस दौरान शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य कर्मचारी स्कूलों में उपस्थित रहकर नए सत्र की तैयारी करेंगे।
इस अवधि में शिक्षकों को लेसन प्लान तैयार करने, मध्याह्न भोजन व्यवस्था को दुरुस्त करने, पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता की समीक्षा करने तथा विद्यालय प्रबंधन समिति और समुदाय के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नए सत्र की शुरुआत सुचारु रूप से हो सके।
स्थायी व्यवस्था पर जोर
सरकार ने यह निर्णय हाल के वर्षों में लगातार बढ़ रही गर्मी और जिलों में स्थानीय स्तर पर बढ़ाए जा रहे अवकाश को देखते हुए लिया है, ताकि एक समान और स्थायी व्यवस्था लागू की जा सके।
इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि हर शैक्षणिक सत्र में प्रारंभिक विद्यालयों में कम से कम 220 कार्य दिवस पूरे किए जाएं और आरटीई अधिनियम के प्रावधानों का पालन करते हुए ही अवकाश संबंधी निर्णय लिए जाएं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.