द्वारका में रक्षा मंत्रालय की महिला अधिकारी की संदिग्ध मौत, पति-ससुराल पर केस दर्ज

HIGHLIGHTS
- मृतका रक्षा मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी के पद पर तैनात थीं।
- 21 अगस्त को पीसीआर के जरिए महिला की मौत की सूचना पुलिस को मिली।
- पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के द्वारका स्थित भरथल गांव में 30 वर्षीय नाजिया खानम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका रक्षा मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी (एएसओ) के पद पर कार्यरत थीं।
द्वारका जिला पुलिस ने मामले में महिला के पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 और 108 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव कब्जे में लिया
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को शाम 4:21 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) को भरथल गांव में एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सेक्टर-23 द्वारका थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
7 महीने पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, मृतका की शादी इसी वर्ष 11 अप्रैल को मोहम्मद आजम अली खान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाजों से हुई थी। शादी के सात महीने के भीतर घटना होने के कारण पुलिस ने तुरंत संबंधित एसडीएम (कार्यकारी मजिस्ट्रेट) को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू अस्पताल के शवगृह भेज दिया।
अगले दिन परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
21 अगस्त को प्रारंभिक पूछताछ के दौरान एसडीएम के समक्ष मृतका के परिजनों ने किसी तरह का संदेह या आरोप नहीं लगाया था। हालांकि, 22 अगस्त को परिजन दोबारा एसडीएम के सामने पेश हुए और नई शिकायत दर्ज कराई। इसमें उन्होंने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए।
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 22 अगस्त को थाना सेक्टर-23 द्वारका में मामला दर्ज किया। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त के अनुसार, पीसीआर कॉल मिलते ही पुलिस ने तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई की। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.