राहुल गांधी के धरने के बाद झुकी दिल्ली पुलिस! पैलेट गन मामले में FIR दर्ज

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दिया था।
- पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
- FIR दर्ज होने के बाद अब पुलिस मामले की जांच करेगी।
- राहुल गांधी ने प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस पर कथित बर्बरता का आरोप लगाया था।
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के कथित इस्तेमाल को लेकर दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई की। साहिल लोचव की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को संसद मार्ग थाने पहुंचे थे।
इससे पहले राहुल गांधी ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की थी और मामले में कार्रवाई की मांग रखी थी। उनका आरोप था कि जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के कुछ जवानों ने पैलेट गन का इस्तेमाल किया, जिससे कई छात्र घायल हो गए। राहुल गांधी ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।
पुलिस की ओर से तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने के बाद राहुल गांधी डीसीपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने कहा था कि जब तक पैलेट गन मामले में एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक वह थाने में ही रहेंगे।
पुलिस पर बर्बरता का लगाया था आरोप
धरने के दौरान राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर युवाओं के साथ कथित बर्बरता करने का आरोप लगाया था। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। मामले को देखते हुए थाने के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और बैरिकेडिंग की गई थी। कनॉट प्लेस की ओर से संसद मार्ग थाने की तरफ आने वाले वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई थी।
अब साहिल लोचव की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच करेगी। एफआईआर में किन धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और जांच के दौरान आगे क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.