बाराबंकी: चलती कार में लगी भीषण आग, सेंट्रल लॉक नहीं खुलने से स्टांप वेंडर की जलकर मौत

HIGHLIGHTS
- हादसा रामनगर थाना क्षेत्र के बरियारपुर मोड़ के पास हुआ।
- राज नारायण वर्मा रविवार सुबह अपनी बीमार मां से मिलने गांव जा रहे थे।
- भाइयों की दुकान से करीब 300 मीटर दूर कार में धुआं निकलने लगा।
बाराबंकी। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में बरियारपुर मोड़ के पास रविवार को चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे में विजय नगर निवासी राज नारायण वर्मा की कार के अंदर जलकर मौत हो गई।
कार में अचानक आग लगने के बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दौरान कार का सेंट्रल लॉक नहीं खुल सका। लॉक नहीं खुलने के कारण राज नारायण वर्मा कार के अंदर फंस गए और उनकी जलकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार का लॉक गेट खोलकर शव को बाहर निकाला।
सफदरगंज के बरियारपुर के मूल निवासी राज नारायण वर्मा स्टांप वेंडर थे। वह अपनी पत्नी बबिता और बेटे आयुष के साथ कोतवाली नगर के विजयनगर मोहल्ले में रहते थे। वह अक्सर रविवार को छुट्टी के दिन अपनी बीमार मां से मिलने गांव जाते थे। रविवार सुबह भी वह मां से मिलने के लिए निकले थे। पहले बघौरा चौराहे पर भाइयों की दुकान पर कुछ देर रुके और इसके बाद घर की ओर रवाना हुए।
भाइयों की दुकान से करीब 300 मीटर दूर उनकी कार रुक गई और उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा। आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। उस समय किसी को जानकारी नहीं थी कि कार के अंदर कोई व्यक्ति भी मौजूद है, क्योंकि अंदर काफी धुआं भर गया था। काफी प्रयास के बाद जब आग बुझी और कांच गलकर गिरा तो अंदर का दृश्य देखकर लोग हैरान रह गए। तब तक चौराहे से राज नारायण के भाई और भतीजे भी मौके पर पहुंच गए।
राज नारायण पूरी तरह जल चुके थे। उनके हाथ और पैर की हड्डियां तक बाहर आ गई थीं। पहले पीआरवी, फिर एसओ सफदरगंज अमर चौरसिया और इसके बाद सीओ सदर आलोक पाठक मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। इसी दौरान दमकल की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।
सीएफओ अनिमेष सिंह ने बताया कि कार का गेट तोड़कर शव को बाहर निकाला गया, क्योंकि कार सेंट्रल लॉक थी। आशंका है कि बैटरी, कंट्रोल पैनल और एसी में एक साथ शार्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। अचानक लगी भीषण आग के बीच लॉक गेट नहीं खुल पाने और धुएं के कारण राज नारायण अचेत हो गए, जिससे उनकी जलकर मौत हो गई। इस पेट्रोल कार का पंजीयन वर्ष 2012 में हुआ था।
चेन्नई में रहती हैं पुत्री
मृतक के सबसे बड़े भाई अमरनाथ ने बताया कि वह भी शहर में रहते हैं। गांव में उनकी मां रामा देवी और सबसे छोटे भाई नंद किशोर रहते हैं। मंझले भाई राज नारायण का बेटा उनके साथ रहता है, जबकि इकलौती बेटी सोमली की शादी हो चुकी है और वह चेन्नई में रहती हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह भी रवाना हो चुकी हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.