रायपुर में निकली तिरंगा यात्रा, 1500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ चले CM साय और डिप्टी CM

HIGHLIGHTS
- तिरंगा यात्रा बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम से शुरू हुई।
- यात्रा सिद्धार्थ चौक, पुरानी बस्ती और कालीबाड़ी से होकर गुजरी।
- सुभाष स्टेडियम पहुंचकर तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।
रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी ने अपने अभियान ‘हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा’ के तहत सोमवार को रायपुर में तिरंगा यात्रा निकाली। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश के 140 करोड़ लोगों के सम्मान का प्रतीक है और यह पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत काल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की थी, जो अब देशव्यापी आंदोलन का रूप ले चुका है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को यह बताना है कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली। महात्मा गांधी, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस और वीर सावरकर सहित कई महापुरुषों के त्याग, बलिदान और कुर्बानी के बाद देश स्वतंत्र हुआ।
उन्होंने छत्तीसगढ़ की धरती के महान सपूतों को भी याद किया। मुख्यमंत्री ने अकाल और भुखमरी के दौर में अपनी जनता का पेट भरने के लिए अनाज देकर योगदान देने वाले शहीद वीर नारायण सिंह और बस्तर क्षेत्र में अंग्रेजी शासन के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन चलाने वाले जननायक गुंडाधुर के शौर्य और पराक्रम को स्मरण करते हुए उनके बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस नक्सल समस्या के समाधान को लेकर पहले अनिश्चितता जताई जाती थी, उसका आज सफल समाधान हो चुका है। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व, उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा के लगातार प्रयासों तथा स्थानीय लोगों के सहयोग को दिया।
उन्होंने बताया कि राजधानी के बाद अब प्रदेश के सभी जिलों, मंडलों, स्कूलों और विभिन्न संस्थानों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। इस बार नक्सल प्रभावित दूरस्थ इलाकों के गांवों और वहां के स्कूलों तक भी तिरंगा यात्रा पहुंचेगी। 15 अगस्त को पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपने घरों, कार्यालयों और संस्थानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय पर्व और वीरों के बलिदान को नमन करने की अपील की।
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर नागरिक से अपने घर, दुकान, कार्यालय और संस्थानों में राष्ट्रध्वज फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के सम्मान और श्रद्धांजलि के लिए भव्य तिरंगा यात्राओं के आयोजन पर भी जोर दिया है, ताकि देश की आजादी के लिए किए गए त्याग और बलिदान को याद किया जा सके।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि गुलामी के कारण समाज में आई कुरीतियों और विकृतियों को दूर करते हुए देश को गौरवान्वित करना है। उन्होंने तिरंगे को शांति और सद्भाव का प्रतीक बताया। साथ ही बलिदानी क्रांतिकारियों, महापुरुषों और देश की सेवा में अपना जीवन न्यौछावर करने वाले शहीद जवानों को याद कर उन्हें नमन करने की बात कही।
विजय शर्मा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के साथ लोगों के संबंध को और मजबूत करना है। हर घर में तिरंगा फहराकर उन वीर शहीदों को नमन किया जाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया।
1500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ चले मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री
तिरंगा यात्रा बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम से शुरू हुई और सिद्धार्थ चौक, पुरानी बस्ती, कालीबाड़ी तथा महिला थाना चौक से गुजरते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री साय और दोनों उप मुख्यमंत्रियों ने 1500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ पैदल यात्रा की। घोड़ा-बग्घी के साथ भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से राजधानी गूंज उठी। यात्रा में बीजेपी के सभी पदाधिकारी, छात्र, समाजसेवी और आम नागरिक शामिल हुए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.