बंगाल में TMC फिर बनाएगी सरकार, 200+ सीटें मिलेंगी: ममता का दावा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से दो दिन पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। शनिवार को टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ उन्होंने पार्टी के काउंटिंग एजेंटों के साथ वर्चुअल बैठक की, जिसमें मतगणना की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से टीएमसी 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी और एक बार फिर भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।
काउंटिंग एजेंटों को दिए सख्त निर्देश
बैठक में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने काउंटिंग एजेंटों को निर्देश दिया कि वे मतगणना के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और केंद्रों पर लगातार मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि सभी एजेंट मतगणना की हर गतिविधि की जानकारी पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाते रहें और अंतिम परिणाम आने तक केंद्र न छोड़ें।
एग्जिट पोल पर जताया विरोध
मुख्यमंत्री ने हालिया एग्जिट पोल्स को खारिज करते हुए कहा कि ये राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिश हैं। उनके मुताबिक इससे पहले के चुनावों में भी इसी तरह की परिस्थितियां देखी गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे हैं।
गठबंधन और चुनावी स्थिति
टीएमसी ने इस बार 291 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि शेष 3 सीटों पर सहयोगी दल भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा चुनाव लड़ रहा है। ममता बनर्जी ने भरोसा जताया कि गठबंधन मजबूत स्थिति में है और एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगा।
दक्षिण 24 परगना में आज हुए पुनर्मतदान के बीच ममता बनर्जी का यह बयान राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्म कर रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.