किसानों के आंदोलन से मुंबई-बंगलूरू हाईवे पर यातायात प्रभावित, पुलिस ने बताए वैकल्पिक रास्ते

HIGHLIGHTS
- महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा पर किसानों के आंदोलन से नेशनल हाईवे-48 पर यातायात प्रभावित।
- कोगनोली टोल प्लाजा पर गन्ने की कीमत और इथेनॉल दरों को लेकर प्रदर्शन जारी।
- पुलिस ने यात्रियों को दो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
महाराष्ट्र। महाराष्ट्र और कर्नाटक की सीमा पर किसानों के आंदोलन के कारण मुंबई-बंगलूरू नेशनल हाईवे-48 पर यातायात बुरी तरह प्रभावित है। कोल्हापुर से बेलगावी और बंगलूरू जाने वाले वाहन जाम में फंस रहे हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोगों से इस मार्ग पर यात्रा करने से बचने की अपील की है। प्रभावित सड़क की जानकारी देने और यात्रियों को वैकल्पिक रास्ते बताने के लिए पुलिस ने गूगल मैप से भी संपर्क किया है।
गन्ने की कीमत और इथेनॉल की दरों को लेकर प्रदर्शन
कर्नाटक के कोगनोली टोल प्लाजा पर किसान मंगलवार सुबह से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में गन्ने की कीमत और इथेनॉल की दरों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा भी किसान अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। बुधवार सुबह तक हालात में कोई खास बदलाव नहीं हुआ था, जिसके चलते हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित बनी रही।
पुलिस की अपील, जरूरत पड़ने पर ही करें यात्रा
कोल्हापुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रंजन कुमार शर्मा ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों से जाने की सलाह दी है। वहीं, पुणे रेंज के हाईवे पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवाजी पवार के कार्यालय के अनुसार, बुधवार सुबह भी स्थिति पहले जैसी ही थी। पुलिस ने बताया कि जाम खत्म होने और यातायात सामान्य होने में समय लग सकता है। हालात में सुधार होने पर लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
इन दो वैकल्पिक मार्गों का कर सकते हैं इस्तेमाल
यात्रियों की सुविधा के लिए पुलिस ने दो वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं। पहला मार्ग सतारा, रहिमतपुर, विटा, तासगांव, मिरज, गोकाक और बेलगावी से होकर गुजरता है। वहीं, दूसरा रास्ता सतारा, कराड, इस्लामपुर, आष्टा, मिरज, कागवाड़, गोकाक और बेलगावी से होकर जाता है।
इन मार्गों पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
गूगल मैप पर भी मिलेगी बंद रास्ते की जानकारी?
पुलिस ने गूगल मैप से प्रभावित हाईवे को बंद दिखाने, जाम और देरी के अलर्ट जारी करने तथा यात्रियों को इस रास्ते पर जाने से बचाने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने की भी अपील की गई है।
पुलिस के मुताबिक, यह कदम लंबी दूरी की यात्री बसों और भारी मालवाहक वाहनों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है। आंदोलन खत्म होने और यातायात सामान्य होने के बाद पुलिस गूगल मैप को इसकी सूचना देगी, ताकि बंद रास्ते से संबंधित चेतावनियां हटाई जा सकें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.